जेएसएससी-सीजीएल पेपर लीक कांड का मास्टरमाइंड अनीश पटना से पकड़ा गया

अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) की एसआईटी ने सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (जेएसएससी-सीजीएल) 2023 के कथित पेपर लीक मामले के मुख्य आरोपी अनीश कुमार को पटना से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एसआईटी को उसकी लंबे समय से तलाश थी। जांच के दौरान सामने आया कि वह लगातार ठिकाना बदलकर एजेंसी को चकमा दे रहा था। जांच में खुलासा हुआ है कि अनीश ने 28 से अधिक अभ्यर्थियों को परीक्षा का प्रश्नपत्र दिलाने का झांसा दिया। इसके बदले किसी से 50 हजार, किसी से एक लाख और कुछ से दो-दो लाख रुपए वसूले। कुल मिलाकर 50 लाख रुपए से अधिक की ठगी की गई। आरोप है कि वह अभ्यर्थियों को नेपाल के वीरगंज ले गया और वहां प्रश्नपत्र रटवाने की बात कही। लेकिन असली प्रश्नपत्र देने के बजाय फर्जी प्रश्न और उत्तर थमाकर रकम ऐंठ ली। किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा का वास्तविक प्रश्नपत्र नहीं मिला। अपराध अनुसंधान विभाग के अनुसार, मामले में प्रश्नपत्र लीक होने की पुष्टि नहीं हुई है। आरोपियों ने पेपर लीक का डर दिखाकर ठगी की साजिश रची थी। सीआईडी रिमांड पर लेकर करेगी पूछताछ सीआईडी अब आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। एसआईटी यह जानने का प्रयास करेगी कि अभ्यर्थियों से संपर्क कैसे स्थापित किया गया, रकम किस माध्यम से ली गई और ठगी की राशि किन-किन लोगों में बांटी गई। जांच एजेंसी को आशंका है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी पूछताछ में सामने आ सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *