जबलपुर की धरती से बंगाल को संदेश देना होगा। बंगाल में भी बदलाव की आवश्यकता है। जिस बंगाल ने देश को नेतृत्व दिया आज वह मुसीबत में है। सारे देश को आज बंगाल के साथ खड़े होकर मुसीबत से निकलना चाहिए। ये बातें केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जबलपुर में बंगाली क्लब के कार्यक्रम में कही। बंगाली क्लब के 100 साल पूरे होने पर कार्यक्रम आयोजित किया था। जहां उन्होंने कहा कि बंगाल में बंगाली असुरक्षित हो जाएं, यह विडंबना है। आज हम जहां नेताजी सुभाषचंद्र बोस को याद कर रहे हैं तो वहीं आज हम सबकी जिम्मेदारी बनती है कि बंगाल को ऐसे कुशासन से मुक्त करवाएं, इसके लिए भी हमें अपना संदेश पहुंचाना चाहिए। अप्रैल-मई में हमें यह मौका भी मिलेगा। हम सबको अपने रिश्तेदारों से बातचीत करते हुए प्रजातांत्रिक तरीके से वहां पर बदलाव लाने के लिए योगदान करना होगा। 121 जोड़ों का विवाह-निकाह
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंत्री राकेश सिंह 121 जोड़ों के विवाह-निकाह कार्यक्रम में भी पहुंचे। इनमें 3 मुस्लिम जोड़ें भी शामिल हैं। इस मौके पर एक दूल्हे ने बताया कि मुझे यहां आकर अच्छा लगा। मुझे नगर निगम से पता चला था। शादी पहले से तय थी। हमारी लव मैरिज है। दुल्हन नंदिनी अहिरवार ने बताया कि मुझे यहां आकर बहुत अच्छा लगा। …तो आजादी का खंडित रूप दिखाई नहीं देता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस अगर स्थिर रूप से कांग्रेस का नेतृत्व करते तो आजादी का यह खंडित रूप दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद तथाकथित कांग्रेस के नेताओं ने भारत के स्वाभिमान के साथ स्वाधीनता के बाद कश्मीर में गलती की हैं। मुझे गर्व है कि जनसंख्या के पहले अध्यक्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने उस गलती को पकड़ लिया। हमारे राजनीतिक दल ने उस गलती को ठीक किया। सीएम ने धार एसपी-कलेक्टर से बात की
धार जिले की भोजशाला में हर गतिविधियों पर नजर रखने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए धार कलेक्टर और एसपी से बात की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव छठवीं बटालियन प्रशिक्षण केंद्र के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम से वहां हो रही हर गतिविधियों को देखा। डॉ. मोहन यादव तकरीबन डेढ़ घंटे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए धार जिले के पुलिस प्रशासन अधिकारियों के साथ जुड़े रहे। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह कार्यक्रम अचानक ही तय हुआ था। छठवीं बटालियन में बनाए गए कंट्रोल रूम में मुख्यमंत्री के साथ संभाग कमिश्नर धनंजय सिंह, आईजी प्रमोद वर्मा के साथ पुलिस प्रशासन के सीनियर अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने उद्याेगपतियों से की मुलाकात
वर्ल्ड इकोनामिक फोरम दावोस से वापस लौट कर मध्य प्रदेश पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर के उद्योगपतियों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि निश्चित रूप से दावोस का दौरा बहुत ही सफलतापूर्वक रहा है। केंद्रीय मंत्री नड्डा ने की नर्मदा आरती
जबलपुर के ग्वारीघाट में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ मां नर्मदा की पूजा-अर्चना की।


