छत्तीसगढ़ के कोरबा जिला जेल से रेप के आरोप में बंद 4 आरोपी फरार हो गए हैं। बताया जा रहा है कि जेल में बिजली गुल होते ही 25 फीट ऊंची दीवार पर चढ़े, फिर 15 मिनट के अंदर कूदकर भाग गए। भागने और कूदने का CCTV फुटेज सामने आया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक जेल से फरार आरोपियों में बालको थाना क्षेत्र के सना सिंह, रजगमार चौकी क्षेत्र के राजा कंवर, सिविल लाइन थाना इलाके के दशरथ और श्याम थाना क्षेत्र के चंद्रशेखर कुमार शामिल हैं। ये सभी पॉक्सो एक्ट और धारा 376 के आरोपी बताए जा रहे हैं। जेल से भागने की पहले ये तस्वीरें देखिए… जानिए क्या है पूरा मामला ? दरअसल, शनिवार को दोपहर 3 बजे के करीब बिजली गुल हुई। इसी दौरान जिला जेल के अंदर से दीवार पर लगे फेंसिंग वायर पर तार फेंककर चारों कैदी बारी-बारी से दीवार पर चढ़े। एक के बाद एक 15 मिनट के अंदर जेल से कूदकर फरार हो गए। इस दौरान जेल के बाहर दीवारों को कवर करने के लिए लगे CCTV कैमरे में सभी आरोपी कैद हो गए। वीडियो में दिख रहा है कि 2 लोग जेल के बाहर घास वाले इलाके में जंप कर देते हैं। वहीं 2 लोग दीवार के सहारे उतरकर भाग जाते हैं। चौथा आरोपी दीवार कूदकर आराम से जाता दिख रहा है। जिला जेल प्रबंधन को कैसे पता चला ? जेल प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक 2 आरोपियों को जेल के अंदर मवेशियों की रखवाली के काम में लगाया गया था। इसी बीच चारों लोगों ने भागने की साजिश रची। मौका मिलते ही भाग निकले। इसी बीच 4 से 5 बजे के आसपास जेल प्रहरी राउंड पर निकले थे। इस दौरान उन्होंने देखा कि मवेशी बंधे हैं, लेकिन चारों आरोपी अपने बैरक में नहीं हैं। जेल प्रहरी ने CCTV फुटेज चेक किया, जिससे पता चला कि चारों आरोपी एक के बाद एक जेल से भाग गए हैं। जेल प्रहरी ने अपने सीनियर्स को सूचना दी। पुलिस ने फरार आरोपियों को जल्द पकड़ने का दावा किया है। फरार बंदियों की तलाश कर रही पुलिस अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने बताया कि जिले के सभी थाना और चौकियों को सूचना दे दी गई है। जेल से फरार बंदियों में एक रायगढ़ और तीन कोरबा जिले के हैं। सभी बंदी पॉक्सो और 376 के मामले में आरोपी हैं। वहीं उनके परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस फरार बंदियों की तलाश कर रही है। …………………………………… इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…. 15 साल से फरार कैदी को क्राइम ब्रांच ने पकड़ा: रायपुर सेंट्रल जेल से पैरोल पर बाहर निकला था मर्डर का आरोपी, लौटा नहीं रायपुर सेंट्रल जेल से 15 दिन के लिए पैरोल में निकलकर फरार हुए हत्या का आरोपी पकड़ाया है। हालांकि पुलिस को आरोपी की तलाश में 15 साल लग गए। फिलहाल, क्राइम ब्रांच में आरोपी की खोजबीन करके देवेंद्र नगर पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस अब आरोपी को फिर जेल में दाखिल करेगी। पढ़ें पूरी खबर…