महाकुंभ का कल यानी महाशिवरात्रि को आखिरी दिन है। इससे पहले छत्तीसगढ़ के 5 सेंट्रल जेल, 20 जिला जेल और 8 उप जेल में मंगलवार को कैदियों को महाकुंभ के गंगाजल से स्नान कराया गया। गंगा स्नान के दौरान कैदियों में उत्साह देखने को मिला। स्नान करने समय कैदी हर-हर गंगे और हर-हर महादेव के जयकारे लगाते रहे। रायपुर में 3 हजार, रायगढ़ में 664, दुर्ग संभाग में 3100, धमतरी में 239, सूरजपुर में 347, मनेंद्रगढ़ में 182, कोरबा में 100 समेत प्रदेशभर के 18 हजार कैदियों ने गंगाजल से स्नान किया। हर जेल के लिए एक-एक मटका गंगाजल दिया गया। यह पहल महाकुंभ के ऐतिहासिक अवसर पर कैदियों को आध्यात्मिक लाभ देने के लिए किया गया। कैदियों ने गृहमंत्री से जाहिर की थी इच्छा दरअसल, उप मुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा से जेलों के निरीक्षण के दौरान कैदियों ने महाकुंभ के गंगाजल से स्नान की इच्छा जाहिर की थी। कैदियों की इच्छा को देखते हुए गृहमंत्री ने प्रदेश के जेलों में बंद कैदियों के लिए गंगाजल मंगवाया। रविवार तक सभी जिलों में गंगाजल पहुंचा दिया गया। जेल में बनी टंकियों में मिलाया गया गंगाजल गंगा स्नान के लिए जेल के टंकियों की सफाई कर रंगाई-पुताई की गई। टंकियों में ‘महाकुंभ स्नान कुंड’ लिखा गया। टंकियों को फूलों से सजाया गया, फिर एक कलश गंगाजल डाला गया। पंडित ने विधि-विधान से कलश की पूजा की। उसके बाद उस टंकी की पानी से कैदियों ने स्नान किया। बालोद में कैदियों को कुंड में ही डुबकी लगवाई गई। कैदी बोले- यह पल दोबारा नहीं आएगा दुर्ग जेल में बंद कैदियों ने कहा कि, 144 साल बाद यह महाकुंभ आया है। उनके जीवन में यह पल दोबारा नहीं आएगा। वो जले के अंदर सजा काट रहे हैं। इस कारण वो प्रयागराज जाकर गंगा स्नान नहीं कर पाते। तस्वीरों में देखिए जेलों में गंगा स्नान… कैसे आया आइडिया ? इससे पहले वाराणसी, मुजफ्फरनगर, कासगंज, इटावा की जेलों में गंगा जल लाकर कैदियों को स्नान करवाया गया था। जेल में बकायदा बड़े से टैंक में यह जल डाला गया और कैदियों ने डुबकी लगाई। जिसके बाद छत्तीसगढ़ में भी ऐसा आयोजन किया गया। कल महाकुंभ का होगा समापन बता दें कि, 26 फरवरी को महाशिवरात्रि स्नान के साथ ही महाकुंभ का समापन हो जाएगा। महाकुंभ में अब तक करीब 55 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने स्नान किया। मौनी अमावस्या पर हुई भगदड़ के बाद प्रशासन की सख्ती की वजह से ज्यादातर श्रद्धालुओं ने यात्रा को टाल दिया था। सबसे अधिक भीड़ वीकेंड और मुख्य स्नान पर्व के दिन उमड़ रही है। आम दिनों में रोजाना औसतन 1 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु महाकुंभ ने स्नान किया हैं। वहीं, महाशिवरात्रि स्नान के दौरान अंतिम दिन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं स्नान करने पहुंचेंगे। …………………………………… इससे संबंधित यह खबरें भी पढ़िए… दुर्ग संभाग में 3100 कैदियों ने किया गंगा स्नान:सेंट्रल जेल के कुंड में डाला गया महाकुंभ का गंगाजल, कैदी बोले-यह पल दोबारा नहीं आएगा मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में कैदियों ने किया गंगा स्नान:जेल परिसर में कैदियों के लिए विशेष व्यवस्था; छत्तीसगढ़ की 33 जेलों में पहल महाकुंभ का गंगाजल पहुंचा धमतरी जेल:239 बंदियों ने किया पवित्र स्नान, जेल प्रशासन ने टंकी में मिलाया गंगाजल बालोद जेल में बंद कैदियों ने किया गंगा स्नान:अस्थायी कुंड में लगाई डुबकी, भजन-कीर्तन के साथ बना आध्यात्मिक माहौल


