जेल में मिले तीन बदमाशों ने जयपुर में लूटी कार:किराए पर लेकर ड्राइवर को बनाया बंधक, एक आरोपी बिजनेसमैन से मांग चुका 2 करोड़ की रंगदारी

जयपुर पुलिस ने किराए पर ली गई टैक्सी कार लूटने वाले दो बदमाशों को शनिवार रात गिरफ्तार किया है। जेल में मिले तीन बदमाशों ने प्लानिंग के तहत किराए पर कार लेकर ड्राइवर को बंधक बनाया। रुपए-मोबाइल छीनकर चलती कार से ड्राइवर को सीकर में रोड किनारे फेंक कार लूट ले गए थे। इनमें शामिल एक बदमाश सीकर के एक बिजनेसमैन से 2 करोड़ रुपए की रंगदारी के मामले में फरार चल रहा है। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई कार बरामद कर ली है। मामले में फरार साथी बदमाश की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। DCP (वेस्ट) अमित कुमार ने बताया- लूट मामले में आरोपी दीपक सिंह चौहान उर्फ बॉक्सर (22) पुत्र सुंदरलाल निवासी रामगढ़ सेठान सीकर और सचिन सिंह (20) पुत्र राजू सिंह निवासी फतेहपुर कोतवाली सीकर को अरेस्ट किया गया है। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को दबिश देकर सीकर से अरेस्ट किया है। मामले में साथी बदमाश रविन्द्र सिंह उर्फ बिट्टू बढानिया फरार चल रहा है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर फतेहपुर सीकर से लूटी गई टैक्सी कार बरामद कर ली है। जुलाई-2024 में बदमाश रविन्द्र सिंह उर्फ बिट्‌टू बढानिया जेल से बाहर आया था। अक्टूबर-2024 में फतेहपुर के बड़े बिजनेसमैन को जान से मारने की धमकी देकर बदमाश रविन्द्र सिंह ने 2 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी मांगने के मामले में फरारी के दौरान रविन्द्र सिंह ने अपने पूर्व केसवार सचिन और जेल में मिले दोस्त दीपक सिंह के साथ कार लूट की प्लानिंग की थी। लूट में शामिल तीनों बदमाशों के खिलाफ पूर्व में कई आपराधिक मामले दर्ज है। चलती कार से ड्राइवर को फेंका
SHO (सिंधीकैम्प) किरण सिंह ने बताया- मनोहरपुरा जगतपुरा निवासी अशोक कुमार वर्मा ने एक दिसम्बर को रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वह अपनी स्विफ्ट डिजायर कार को किराए पर चलाता है। रविवार सुबह करीब 4:30 बजे सिंधीकैम्प स्थित संतोष भोजनालय के पास अशोक अपनी कार लेकर खड़ा था। उसके पास आकर तीन युवकों ने सीकर के रानोली चलने के लिए किराया पूछा। ढाई हजार रुपए में तय होने पर तीनों युवक कार में बैठ गए। रास्ते में एक हजार रुपए का डीजल भराने के बाद कार रुकवाई। कार से उतरकर बदमाशों ने सीट के पीछे ड्राइवर अशोक को पटक लिया। सीकर के रानोली के पास उसकी जेब से 6 हजार रुपए और मोबाइल निकालकर लिया। चलती कार से रोड किनारे फेंककर बदमाश फरार हो गए। दो घंटे बाद होश आने पर जैसे-तैसे राहगीर की मदद लेकर पुलिस को लूट की सूचना दी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *