जेल से बाहर आने के 22 दिन बाद मजीठा पहुंचे बिक्रम मजीठिया, निकाला रोड शो

भास्कर न्यूज | अमृतसर/मजीठा जेल से बाहर आने के 22 दिन बाद अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया पहली बार अपने चुनाव क्षेत्र मजीठा पहुंचे, जहां वर्करों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। इस दौरान मजीठिया ने समर्थकों के साथ एक बड़ा रोड शो निकाला। रोड शो के दौरान सबसे बड़ी चर्चा सुखजिंदर राज सिंह (लाली मजीठिया) का शामिल होना रहा, जो बिक्रम मजीठिया के कट्टर राजनीतिक विरोधी थे। लाली मजीठिया ने राजनीतिक मतभेदों को किनारे रखते हुए अपने साथियों के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जिसे मजीठा की राजनीति में एक बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। रोड शो में बिक्रम मजीठिया ने आप सरकार और सीएम मान पर खुलकर निशाना साधा। मजीठिया ने कहा कि आज पूरे पंजाब में मजीठा की चर्चा इसलिए हो रही है क्योंकि सीएम मान यहां आने से डरते हैं यही कारण था कि जब वह यहां आया तो सुरक्षा के लिए हजारों पुलिस कर्मियों को भी साथ लेकर आया। मजीठिया ने कहा कि गुरदासपुर में 2 पुलिस वालों की हत्या के बारे में मुख्यमंत्री ने बयान दिया कि आपसी झगड़े में उनकी जान चली गई, जबकि ऐसी जानकारी और अफवाहें खुद पंजाब पुलिस महानिदेशक ऑफिस ने मीडिया को दी थीं। सरकार की मेरी रसोई स्कीम शुरू करने पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि 4 साल बीत गए हैं और भगवंत मान को अब जाकर गरीब लोगों को राशन देने की याद आई है। मजीठिया एक बार फिर मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि जितने चाहे केस दर्ज करवा दें मगर पंजाब और पंजाबियों के हक में बोलने से पीछे नहीं हटेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *