दस महीने से जेल में बंद बजरी माफिया की रिहाई के बाद समर्थकों ने हाईवे पर जुलूस निकाला और आतिशबाजी की। इससे हाईवे पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। इसके चलते हिंडोली पुलिस ने रिहा हुए शख्स सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मामला बूंदी के हिंडोली इलाके के तालाब गांव का है। डीएसपी अजीत मेघवंशी ने बताया कि हिडोली क्षेत्र के तालाब गांव निवासी जब्बार अवैध बजरी परिवहन के मामले मे 10 महीने से जेल में बंद था। सुप्रीम कोर्ट से सोमवार को उसकी जमानत हुई थी। मंगलवार शाम उसके जेल से बाहर आने की खुशी में तालाब गांव के युवाओं ने वाहनों से आतिशबाजी के साथ हाईवे पर रैली निकाली। इसके चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस पर पुलिस ने जब्बार सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर उपखंड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से चारों को न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाने के आदेश दिए हैं। मेघवंशी ने बताया कि अवैध बजरी के मामले में जब्बार को गिरफ्तार किया था। मामले की जांच सीबीआई ने की थी। पुलिस ने बताया कि करीब 9 महीने से जेल में बंद जब्बार सुप्रीम कोर्ट से जमानत पर वह गांव आया था। गांव के युवाओं ने जब्बार की जमानत पर खुशी मनाकर तालाब गांव में हाईवे पर जुलूस निकाला, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। ऐसे में पुलिस ने जब्बार, सलमान, शकील व नाजिम को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चारों आरोपियों को बुधवार को उपखंड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। जहां पर 50-50 हजार के जमानती मुचलके पेश नहीं करने पर चारों आरोपियों को न्यायिक की अभिरक्षा में भिजवा दिया। जब्बार प्रकरण के बाद ही बूंदी में अवैध बजरी के मामले को लेकर सीबीआई की इंट्री हुई थी।


