भास्कर संवाददाता| पाली आचार्य जयानंद सूरीश्वर और आचार्य चिदानंद सूरीश्वर का विराट गुरु धाम पर मंगलवार को मंगल प्रवेश हुआ। जगद्गुरु, अध्यात्म योगी, आचार्य विजय शांतिसुरीश्वर दादा गुरुदेव के तीन दिवसीय प्रतिष्ठा महोत्सव का आगाज हुआ। आयोजन समिति के मीडिया संयोजक रितेश छाजेड़ एवं प्रमोद कोठारी ने बताया कि विराट गुरु धाम पर प्रतिष्ठा महोत्सव के प्रथम दिन आचार्य भगवंतों एवम विधिकारक जसवंत जैन ने शांति स्नात्र पूजन, कुम्भ और दीपक स्थापना, जवारारोपण, नवग्रह पूजन, अष्टमंगल पूजन, दस दिगपाल पूजन के साथ प्रतिमाओं का अभिषेक, ध्वज दंड पूजन व देवी पट्ट पूजन हवन का कार्यक्रम सम्पन्न करवाया गया। साध्वी चरम श्रीजी एवं प्राग्भा श्रीजी ने बताया कि मंगलवार शाम को मंदिर परिसर में ही दादा गुरुदेव का धम्म जागरण आयोजित हुआ। जिसमें मुम्बई कल्याण के अतुल जैन व पूना के महावीर ओसवाल ने छाई काली घटाए तो क्या.., मुझे दर्शन दे गए गुरु…, भक्ति की है रात, मांडोली वाले दादा तेरा जग में बड़ा ही नाम जैसे भक्तिमय भजन प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में आचार्य भगवंत, संत मंडली के साथ साथ श्री सोनाणा खेतलाजी के परम उपासक भक्तराज राजेंद्रकुमार शांतिलाल भंडारी का सानिध्य रहा। समिति के मनीष गुलेच्छा और उत्तमचंद मोदी के अनुसार बुधवार सुबह आठ बजे से प्रतिष्ठा महोत्सव का मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। आयोजन स्थल पर पहुंचने के लिए शहर के विभिन्न स्थानों से बसों की व्यवस्था की गई है। महोत्सव के आयोजन की व्यवस्था में संयोजक विनय कोठारी, झूमरमल भंसाली, मनीष गुलेच्छा, हितेश कर्णावट, प्रमोद कोठारी,नवीन भंसाली, अभिषेक दुग्गड़, सुमित कवाड़, प्रवीण कोठारी,विशाल पोरवाल, अभिषेक गुलेच्छा, कमल तलेसरा,अमित मेहता, अरुण कोटेचा, विकास संचेती,यशवंत पारख, अभिषेक श्रीश्रीमाल, पुनीत मोहनोत, उत्तमचंद मोदी, रितेश छाजेड़ तैयारियों में जुटे हुए हैं।


