राजस्थान जैन सभा ने युवाओं को धर्म से जोड़ने के लिए एक विशेष पहल की है। सभा ने ‘महावीर और हमारा आज’ विषय पर जैन संभाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसका सेमीफाइनल राउंड बापूनगर स्थित पंडित टोडरमल स्मारक में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में 15 से 25 वर्ष आयु वर्ग के 32 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें से 11 प्रतिभागी फाइनल में पहुंचे हैं। फाइनल राउंड 8 अप्रैल को शाम 7 बजे भट्टारक जी की नसिया में होगा। फाइनल में प्रतिभागियों को दो विषयों पर अपने विचार रखने होंगे। पहला विषय है ‘जैन तपस्या और आधुनिक स्वास्थ्य विज्ञान’ और दूसरा ‘जैन दर्शन के आधार पर पर्यावरण सुरक्षा’। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम स्थान पर 21,000 रुपए, द्वितीय स्थान पर 15,000 रुपए और तृतीय स्थान पर 11,000 रुपए का नकद पुरस्कार मिलेगा। राजस्थान जैन सभा के अध्यक्ष सुभाष चंद जैन और महामंत्री मनीष बैद के अनुसार, प्रतियोगिता चार चरणों में आयोजित की गई है। कार्यक्रम के मुख्य समन्वयक कमल बाबू जैन और मुख्य संयोजक राखी जैन ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भगवान महावीर के सिद्धांतों से जोड़ना है। साथ ही उन्हें अपने विचार प्रभावी ढंग से व्यक्त करने का मंच प्रदान करना है।


