जयपुर में जैन समाज के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े से मुलाकात कर जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर भगवान ऋषभदेव की जन्म जयंती (23 मार्च) को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की। राजस्थान जैन युवा महासभा के प्रदेश महामंत्री विनोद जैन कोटखावदा के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को बताया कि भगवान ऋषभदेव के पुत्र भरत के नाम पर ही देश का नाम ‘भारत’ पड़ा है। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने जैन समाज की इस मांग पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए राज्य सरकार को इस संबंध में लिखने का आश्वासन दिया। इसी मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को मुनिसुव्रत नाथ दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र स्वस्तिधाम जहाजपुर का दौरा करने का निमंत्रण भी दिया। साथ ही 7-9 फरवरी 2025 को गणिनी आर्यिका स्वस्ति भूषण माता के सानिध्य में होने वाले पंचम वार्षिकोत्सव, सहस्त्राभिषेक महोत्सव और शांतिनाथ जिनालय के शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया, जिसे राज्यपाल ने स्वीकार कर लिया। इससे पूर्व जैन बन्धुओं ने समाज की ओर से माननीय राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े का माला एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया । इस मौके पर राजस्थान जैन युवा महासभा जयपुर के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जैन, प्रदेश महामंत्री विनोद जैन कोटखावदा, सांगानेर सम्भाग अध्यक्ष चेतन जैन निमोडिया सहित धर्म जागृति संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष पदम चन्द बिलाला एवं मुनि संघ सेवा समिति अजमेर के अध्यक्ष सुशील बाकलीवाल शामिल हुए।


