जैसलमेर एयरफोर्स स्टेशन परिसर में गुरुवार दोपहर को एक हादसा हो गया। स्कूल से घर लौट रहे केंद्रीय विद्यालय के कक्षा 4 के एक छात्र को भारतीय वायुसेना की तेज रफ्तार जिप्सी ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि छात्र के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल छात्र पुष्पेंद्र सिंह (11) को प्राथमिक उपचार के बाद जैसलमेर के जवाहिर हॉस्पिटल लाया गया, उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे उच्च उपचार के लिए जोधपुर रेफर करने की तैयारी शुरू कर दी है। छुट्टी के बाद घर लौट रहा था मासूम जानकारी के अनुसार, एयरफोर्स स्टेशन स्थित केंद्रीय विद्यालय में दोपहर करीब 3 बजे छुट्टी हुई थी। अन्य बच्चों की तरह पुष्पेंद्र सिंह, पुत्र जालम सिंह, निवासी बीदा (जैसलमेर), अपने दोस्तों के साथ पैदल ही एयरफोर्स स्टेशन से बाहर की ओर निकल रहा था। बताया जा रहा है कि पुष्पेंद्र सड़क किनारे फुटपाथ पर चल रहा था, तभी अचानक वह किसी कारणवश फुटपाथ से नीचे सड़क पर उतरा। इसी दौरान वहां से गुजर रही वायुसेना की एक जिप्सी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। सिर में आई गंभीर चोट, मौके पर मची चीख-पुकार टक्कर लगते ही पुष्पेंद्र लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद अन्य बच्चों और सुरक्षाकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। वायुसेना के जवानों ने तुरंत घायल छात्र को स्टेशन स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे एंबुलेंस के जरिए शहर के जवाहिर हॉस्पिटल लाया गया। जवाहिर हॉस्पिटल के डॉक्टरों के अनुसार, छात्र के सिर में “इंटरनल इंजरी” की संभावना है और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस पहुंची अस्पताल, जांच शुरू हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस की टीम जवाहिर हॉस्पिटल पहुंची। पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। कोतवाली पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हादसा वाहन की तेज गति के कारण हुआ या यह एक दुर्भाग्यपूर्ण तकनीकी चूक थी। फिलहाल, पुलिस हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए एयरफोर्स स्टेशन के संबंधित अधिकारियों से संपर्क साध रही है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हादसे की खबर मिलते ही छात्र के गांव बीदा और परिजनों में कोहराम मच गया। हॉस्पिटल परिसर में ग्रामीण और परिचित एकत्रित हो गए। पुष्पेंद्र के पिता जालम सिंह और अन्य परिजन बालक की गंभीर स्थिति को देख सदमे में हैं। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, न्यूरोलॉजिस्ट की सलाह और बेहतर लाइफ सपोर्ट सिस्टम के लिए पुष्पेंद्र को जल्द ही जोधपुर के मथुरादास माथुर (MDM) अस्पताल के लिए रवाना किया जा सकता है।


