सरहदी जिले जैसलमेर में गुरुवार को देश की तीनों सर्वोच्च शक्तियों का समागम देखने को मिला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आगमन से पूरा शहर छावनी में तब्दील नजर आया। पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में होने वाले वायुसेना के युद्धाभ्यास ‘वायु शक्ति-2026’ में कल राष्ट्रपति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। शाम को VVIP विजिट से बढ़ी हलचल जैसलमेर के सिविल और वायुसेना स्टेशन पर गुरुवार शाम को हलचल तेज रही। भाजपा नेता कंवराज सिंह चौहान द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सीएम भजनलाल शर्मा विशेष विमान से सबसे पहले जैसलमेर पहुंचे। उनके साथ विमान में जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी, पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी और राज्य मंत्री केके विश्नोई भी मौजूद रहे। राज्यपाल का आगमन सीएम के बाद राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े जैसलमेर पहुंचे। शाम 7 बजे के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का विमान वायुसेना स्टेशन पर उतरा। यहां मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने उनकी अगवानी की और गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत के बाद अलग-अलग दिशाओं में निकले काफिले। राष्ट्रपति के आगमन और औपचारिक स्वागत के बाद तीनों विशिष्ट अतिथियों के काफिले अलग-अलग दिशाओं में रवाना हुए: राष्ट्रपति: वायुसेना स्टेशन से सीधे आर्मी कैंट के लिए रवाना हुईं, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगी। राज्यपाल: राज्यपाल का काफिला रात्रि विश्राम के लिए BSF सेक्टर हेडक्वार्टर की ओर निकला। मुख्यमंत्री: राष्ट्रपति को रिसीव करने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा विशेष विमान से वापस जयपुर के लिए रवाना हो गए। कल दिखेगा आसमान में शौर्य कल, 27 फरवरी को शाम 5 बजे पोकरण रेंज में ‘वायु शक्ति-2026’ का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति मुर्मू के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राज्यपाल भी मौजूद रहेंगे। भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान अपनी मारक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।


