जैसलमेर जिले में अब सर्दी तेज होने लगी है। शहर के मुकाबले नहरी नलकूप क्षेत्र में पारा जमाव बिन्दु पर पहुंच चुका है। चांधन नलकूप क्षेत्र में सोमवार रात का पारा शून्य डिग्री पर पहुंच गया। चांधन स्थित काजरी में सोमवार रात का पारा 0.3 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि जैसलमेर शहर का न्यूनतम तापमान पिछले दो दिनों से 6 डिग्री पर स्थिर है। ऐसे में सर्दी का असर तेज हो चुका है। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो अगले तीन दिन में सर्दी का असर और भी बढ़ने की संभावना है। जैसलमेर के चांधन कस्बे के नलकूपों वाले एरिया में हाड़ कंपकंपा देने वाली सर्दी देखने को मिल रही है। गौरतलब है कि जिले के चांधन क्षेत्र में सर्दी के मौसम में तापमान शून्य से भी नीचे माइनस में चला जाता है। इस बार सोमवार रात सबसे ठंडी रात रही। सर्दी से बचने लिए लोग सुबह 9 बजे तक घरों में दुबके रहे। दोपहर में धूप खिलने से लोगों को सर्दी से राहत मिली। दिन का तापमान 23 डिग्री पहुंचा जिले में रात में सर्दी का असर सबसे ज्यादा है। दिन का पारा अभी तक 22 डिग्री से ऊपर चल रहा है। दिसंबर के शुरुआती दिनों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर रहा। मंगलवार को शहर के अधिकतम तापमान में 1 डिग्री की गिरावट हुई। वहीं रात का पारा स्थिर रहा। अधिकतम तापमान 23 डिग्री व न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री दर्ज किया गया। दिन व रात के पारे में 17 डिग्री का अंतर रहा। तीन दिन में बढ़ेगी सर्दी मौसम विभाग ने आगामी चार दिन तक मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। कृषि मौसम वैज्ञानिक अतुल गालव ने बताया कि उत्तरी भारत में बर्फबारी से सर्दी का असर और तेज होगा। इस दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है।


