जैसलमेर में शनिवार से 32 डिग्री तक पहुंचेगा पारा:बादल छाने से हल्की ठंड महसूस हुई, दिन-रात के पारे में 13 डिग्री का अंतर

जैसलमेर में मौसम एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहे। इसकी वजह से धूप का असर कम रहा और दिन के समय भी हल्की ठंड महसूस की गई। सुबह और शाम ठंडी हवाओं के कारण लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों में मौसम शुष्क रहेगा और शनिवार से तापमान में बढ़ोतरी होगी। गुरुवार को जैसलमेर का अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य के करीब रहा। न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। दिन और रात के पारे में करीब 13 डिग्री का भारी अंतर होने की वजह से लोगों को ‘मिक्स सीजन’ की मार झेलनी पड़ रही है। सुबह की शुरुआत बादलों के साथ हुई, जिससे नमी का स्तर 44% तक पहुंच गया। शनिवार से फिर तपेगी स्वर्ण नगरी मौसम विभाग के अनुसार, बादलों का यह डेरा ज्यादा समय तक नहीं टिकेगा। आगामी दो-तीन दिनों में मौसम पूरी तरह शुष्क होने की संभावना है। शुक्रवार को आसमान आंशिक रूप से साफ होगा और तापमान 29 डिग्री तक जा सकता है। वहीं शनिवार से धूप तीखी होगी और पारा 31 से 32 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है, जिससे दोपहर में गर्मी का अहसास बढ़ेगा। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, रात के तापमान में विशेष गिरावट नहीं होगी, लेकिन दिन के पारे में उछाल आने से सर्दी का असर धीरे-धीरे कम होने लगेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *