होली के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने जैसलमेर-भगत की कोठी (जोधपुर) के बीच स्पेशल रेलसेवा चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 6 मार्च (शुक्रवार) को जैसलमेर से दोपहर 12.40 बजे रवाना होकर शाम 18.00 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 8 मार्च (रविवार) को भगत की कोठी से दोपहर 14.15 बजे रवाना होगी और रात 20.00 बजे जैसलमेर पहुंचेगी। रेलवे के इस कदम से सीमावर्ती जिले के लोगों और जोधपुर की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि यात्री यातायात के दबाव को कम करने के लिए गाडी संख्या 04861/04862, जैसलमेर-भगत की कोठी-जैसलमेर स्पेशल रेलसेवा का संचालन (01-01 ट्रिप) किया जा रहा है। यह रहेगा ट्रेनों का शेड्यूल जैसलमेर से प्रस्थान (04861): यह ट्रेन दिनांक 06.03.26 (शुक्रवार) को जैसलमेर से दोपहर 12.40 बजे रवाना होकर शाम 18.00 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। भगत की कोठी से वापसी (04862): वापसी में यह ट्रेन दिनांक 08.03.26 (रविवार) को भगत की कोठी से दोपहर 14.15 बजे रवाना होगी और रात 20.00 बजे जैसलमेर पहुंचेगी। प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए यह स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग में रामदेवरा, फलौदी, औसियां एवं जोधपुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इन स्टेशनों के जुड़ने से आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी होली पर आवागमन में आसानी होगी। 24 डिब्बों की होगी लंबी ट्रेन यात्रियों की संख्या को देखते हुए रेलवे ने इस ट्रेन में डिब्बों की पर्याप्त व्यवस्था की है। इस रेलसेवा में कुल 24 डिब्बे होंगे।


