भास्कर संवाददाता | चूरू रेलवे ने होली पर जोधपुर-गोरखपुर साप्ताहिक स्पेशल एक्सप्रेस को 5 मार्च से फिर चलाने की हरी झंडी दे दी है। इससे पहले भी रेलवे इस स्पेशल ट्रेन का कुछ समय तक संचालन करके बंद कर चुका है। अब इसे होली पर यात्रीभार को देखते हुए फिर चलाने की हरी झंडी दी गई है। रेलवे के अनुसार ये स्पेशल वीकली ट्रेन प्रत्येक गुरुवार शाम 4.15 बजे जोधपुर से रवाना होकर सादुलपुर, चूरू, रतनगढ़ व सुजानगढ़ होते हुए शुक्रवार को शाम 8.50 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। जोधपुर से गोरखपुर जाते समय ये ट्रेन गुरुवार रात 7.57 बजे लाडनूं, 8.10 बजे सुजानगढ़, 9.30 बजे रतनगढ़, 10.15 बजे चूरू एवं 11.40 बजे सादुलपुर से रेवाड़ी होते हुए शुक्रवार शाम को 8.50 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में शुक्रवार रात 11.25 बजे गोरखपुर से रवाना होकर शनिवार को शाम 5.20 बजे सादुलपुर, 6.55 बजे चूरू, 8.35 बजे रतनगढ़, 9.13 बजे सुजानगढ़, 9.16 बजे लाडनूं से रविवार तड़के 3.00 बजे जोधपुर पहुंचेगी। अभी 4 फेरों का ही संचालन होगा : जोधपुर से गोरखपुर ये ट्रेन 5, 12, 19 एवं 26 मार्च को चलेगी। वहीं गोरखपुर से ये ट्रेन 6, 13, 20 एवं 27 मार्च को चलेगी। इस ट्रेन में 20 डिब्बे होंगे। रेलवे सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य अनिल खटेड़ का कहना है कि इस ट्रेन को चलाने की रेल यात्री संघ सहित विभिन्न संगठनों की पहले से ही मांग थी। अब इसका संचालन रेगुलर करवाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए मंत्री व जीएम को लिखा जाएगा।


