जोधपुर पोलो के 25वें सीजन का समापन आज फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। अबू सियर कप के साथ सीजन की समाप्ति में पोलो मैदान में जोधपुर कोल्ट्स और इंडियन नेवी कब्स के बीच मुकाबला हुआ। जोधपुर कोल्ट्स ने नेवी टीम को 5 गोल से हरा कर कप अपने नाम किया। 25 वें जोधपुर पोलो कप का समापन मुकाबले में जोधपुर कोल्ट्स ने 8 गोल किए और इंडियन नेवी कब्स टीम ने 3 गोल किए। नेवी की टीम के 2 हैंडी कैप खिलाड़ी निकोलस स्कॉटचिनी ने 3 गोल किए। मुकाबले में जोधपुर कोल्ट्स टीम की ओर से पहले राउंड में धनंजय सिंह राठौड़ ने 2 गोल किए और चौथे राउंड में एक गोल कर कुल 3 गोल किए वहीं टीम के आर्यमान सिंह ने 2 योगेश्वर सिंह भवरी ने 2 और निखलेंद्र सिंह ने 1 गोल कर कुल 8 गोल कर जीत दर्ज की। जोधपुर पोलो एवं इक्यूस्टेरियन इंस्टीट्यूट, जोधपुर के तत्वावधान में महाराजा गजसिंह स्पोर्ट्स फाउंडेशन पोलो मैदान, लेफ्टिनेंट जनरल एवीएम एच.एच. महाराजा उम्मेदसिंह एयरपोर्ट रोड़, पाबूपुरा में अबू सियर कप के प्रदर्शन मैच के साथ ही गत 27 नवम्बर से चल रहे 25वें जोधपुर पोलो सीजन का समापन हो गया। मैच के दौरान जोधपुर पोलो के संरक्षक गजसिंह व मुख्य अतिथि के रूप में फेडरेशन ऑफ इंटरनेशनल पोलो के मोहम्मद जकी भी मौजूद रहे। बैंड की धुन ने बांधा समां मुख्य अतिथि ने मैच की शुरुआत में गेंद फेंककर खेल शुरू करवाया व मैच समाप्ति पर गजसिंह के साथ विजेता टीम के खिलाड़ियों को कप व ट्रॉफियां प्रदान की। मैच के पूर्व मैदान में उपस्थित मेहरानगढ़ बैंड व वन मैक आईएनएफ वन मद्रास पाईप बैंड ने मार्चपास्ट किया व मैच के मध्य में अपनी सुमधुर धुनों से मनोरंजन किया। जोधपुर पोलो एवं इक्यूस्टेरियन इंस्टीट्यूट, जोधपुर के मानद सचिव इंद्रजीत सिंह नाथावत ने बताया कि जोधपुर कोल्ट्स टीम की ओर से खेलते हुए टीम के धनंजय सिंह राठौड़ ने पहले चक्कर में दो व चौथे चक्कर में एक गोल, निखिलेन्द्र सिंह राठौड़ ने पहले चक्कर में एक गोल, योगेश्वर सिंह भांवरी ने तीसरे व चौथे चक्कर में एक-एक गोल व आर्यमान सिंह ने चौथे चक्कर में दो गोल किए। मुकाबले में इंडियन नेवी क्यूब्स टीम की ओर से दो हैण्डीकैप के अर्जेन्टीना के खिलाड़ी निकोलस स्कोर्टीचीनी टीम के एकमात्र खिलाड़ी रहे जिन्होंने सभी तीनों गोल किए। निको ने पहले चक्कर में एक व दूसरे चक्कर में दो गोल किए। तीसरे व चौथे चक्कर में यह टीम गोल करने में नाकाम रही। मैच के अम्पायर मेजर जनरल ए.एस. सांधू व कैप्टन ए.पी. सिंह थे, रैफरी इंद्रजीत सिंह नाथावत कमेन्ट्री अंकुर मिश्रा ने की।


