जोधपुर के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपने जान-पहचान के शख्स पर लाखों रुपए का सोना-चांदी हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने अपनी रिपोर्ट में लिखा- उसके पास अब आत्महत्या करने के सिवाय कोई रास्ता नहीं बचा। कोर्ट के आदेश के बाद एयरपोर्ट थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। खारड़ा रणधीर की न्यू बस्ती (रामदेव नगर) निवासी राजेश सांसी (35) ने रातानाडा की पांच बत्ती कॉलोनी निवासी नाथूराम सांसी के खिलाफ यह इस्तगासा दायर किया है। परिवादी के अनुसार, एक ही समाज के होने के कारण दोनों में पुरानी जान-पहचान थी। इसी का फायदा उठाकर आरोपी नाथूराम ने उसे झांसा दिया कि वह जरूरतमंदों के गहने प्राइवेट बैंक में गिरवी रखकर पैसे दिलाने का काम करता है। आरोपी की बातों में आकर राजेश ने अपने परिचितों और समाज के लोगों के जेवरात उसे सौंप दिए। ब्याज सहित लौटाई रकम, फिर भी नहीं मिला सोना पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया- उसने आरोपी के पास बड़ी मात्रा में सोना और चांदी गिरवी रखा था। इसमें 5 लाख रुपए के बदले 14 तोला सोने की तिमणिया, 8 लाख के बदले बाजूबंद व अंगूठियां, 3 लाख के बदले झूमरी व हार और 4 लाख रुपए के बदले कंठियां व सोने का बिस्किट शामिल है। इसके अलावा 70 हजार रुपये के बदले सैकड़ों तोला चांदी भी गिरवी रखी गई। राजेश का आरोप है कि उसने ब्याज सहित सारी रकम नाथूराम को चुका दी थी, लेकिन उसने बैंक से गहने लाने में समय लगने का बहाना बनाकर आभूषण नहीं लौटाए। पुलिस ने नहीं सुनी गुहार, कोर्ट से मिला आदेश जिन परिचितों के गहने गिरवी रखे गए थे, वे अब परिवादी पर दबाव बना रहे हैं। राजेश के अनुसार, जब उसने आरोपी से गहने मांगे तो उसने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि सामाजिक दबाव और धमकियों के कारण उसके पास आत्महत्या के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। उसने पहले एयरपोर्ट थाने, प्रतापनगर थाने और पुलिस कमिश्नरेट में 9 फरवरी को डाक के जरिये शिकायत दी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। आखिर में उसे कोर्ट में इस्तगासा पेश करना पड़ा। एयरपोर्ट थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और आपराधिक धमकी का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई भंवराराम को सौंपी गई है।


