जोधपुर के प्रताप नगर बिजली घर के पीछे एक बिजली का पोल अचानक से लोडिंग टैक्सी पर गिर गया। हालांकि गनीमत रही की बड़ा हादसा टल गया। जिस विद्युत पोल के गिरने की वजह से हादसा हुआ उसको लेकर पूर्व में क्षेत्र वासियों की ओर से विद्युत विभाग के जिम्मेदारों को शिकायत भी दी गई थी लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। अधिकारियों को बताने के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई इधर पोल गिरने के चलते मौके पर सड़क जाम हो गई। घटना के बाद लोगों ने बिजली घर के अधिकारियों को सूचना दी। घटना के चलते कॉलोनी में रास्ता भी बाधित हो गया। बता दें कि जर्जर विद्युत पोल को लेकर पूर्व में क्षेत्रवासियों की ओर से बिजली घर प्रताप नगर के AEN भजनलाल को बताया गया था, वहीं राजस्थान संपर्क पोर्टल पर भी परिवाद दर्ज करवाया था। इसके बावजूद डिस्कॉम की ओर से कोई सुध नहीं ली गई। वहीं जोधपुर के शास्त्री नगर फायर ब्रिगेड ऑफिस के पास भी एक विद्युत पोल जर्जर अवस्था में होने की वजह से गिर गया। हादसे में मौके से निकल रही कार का चालक बाल-बाल बच गया।


