जोधपुर-बाड़मेर रोड पर चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने के निकट स्थित नहर चौराहा पर आए दिन लगने वाले ट्रेफिक जाम की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद जगी है, क्योंकि इस समस्या के निराकरण का बीड़ा उठाया है जोधपुर विकास प्राधिकरण ने। सोमवार को जेडीए ने अपना 2188 करोड़ का बजट पारित करते हुए पाल रोड – नहर चौराहा पर 50 करोड़ रुपए की लागत से फ्लाईओवर निर्माण कार्य के लिए भी बजट तय किया है। इसके साथ ही 9 नई योजनाएं भी लॉन्च करने का निर्णय इस बजट में लिया गया है। इनमें पाल रोड दल्ले खान की चक्की-शास्त्री नगर पुलिस थाना चौराहा पर 40 करोड़ की लागत से अटल सेतू, 62 करोड़ रुपए से जोजरी नदी का जीर्णोद्धार तथा झालामंड में नवीन एसटीपी, विवेक विहार में पीपीपी मोड पर 25 करोड़ की लागत से बस स्टैंड /टर्मिनल व ट्रांसपोर्ट हब, कायलाना झील पर म्यूजिकल फाउंटेन व अन्य विकास कार्यों पर 15 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। संभागीय आयुक्त व जेडीए अध्यक्ष डॉ. प्रतिभासिंह की अध्यक्षता में सोमवार को जेडीए सभागार में प्राधिकरण बोर्ड की बैठक संपन्न हुई। जिसमें जेडीए निदेशक वित्त मंजीत चारण द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव अनुसार वर्ष 2025-26 का बजट पारित किया गया। बैठक में आयुक्त जेडीए उत्साह चौधरी, सचिव भागीरथ विश्नाई, कलेक्टर प्रतिनिधि, जेडीए उपायुक्तगण, निदेशकगण व अन्य विभागों के उच्च अधिकारी मौजूद रहे। आय का मुख्य स्रोत भूखंडों की बिक्री से 2188 करोड़ के इस बजट में जेडीए की आय का मुख्य स्रोतों में भूमि की ब्रिकी से 93,800 लाख रुपए, वर्गीकृत आवासीय योजनाओं से 5510 लाख रुपए, भूमि रूपान्तरण से 8750 लाख रुपए, नगरीय कर एवं शहरी जमाबन्दी से 36100 लाख रुपए, निक्षेपों एवं धरोहर से प्राप्तियाँ 4250 लाख रुपए तथा विभिन्न शुल्क, शास्तियों, ब्याज, अग्रिम वसूली, किराया, ऋणां से, डिपोजिट कार्य से प्राप्तियां व अन्य प्राप्तियों आदि से 70390 लाख रुपए आय का अनुमान रखा गया है। इसी तरह वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान कुल व्यय एवं भुगतानों का अनुमान 2188 करोड़ यानी 218800 लाख रुपए किया गया है। इसमें सामान्य प्रशासन के लिए 7872 लाख रुपए, विकास कार्यों के लिए 192568 लाख रुपए, राज्य सरकार के अंशदान 7550 लाख रुपए तथा अन्य व्ययों हेतु 10810 लाख रुपए का प्रावधान रखा गया है। नवीन आवासीय-व्यवसायिक योजनाओं से भरा जाएगा खजाना जेडीए आयुक्त उत्साह चौधरी ने बताया कि जोधपुर शहर के विकास एवं प्राधिकरण की आय के स्त्रोत बढ़ाने के क्रम में प्राधिकरण द्वारा विभिन्न योजनाएं प्रस्तावित की जा रही है। इनमें आगामी वित्तीय वर्ष में दांतिवाड़ा वेयर हाउसिंग योजना, जालेली चंपावत आवासीय येजना, देवलिया आवासीय एवं व्यवसायिक योजना, ट्रांसपोर्ट नगर एवं ऑटोमोबाईल योजना मोगडा कला, ग्राम मोगडा कला ट्रांसपोर्ट नगर के सामने नवीन आवासीय योजना, सरदार पटेल आवासीय योजना चौखा, केरू वाणिज्यिक योजना, केरू औद्योगिक योजना एवं ग्राम उजलिया में फार्म हाउस योजना प्रस्तावित है। शहर में होंगे ये विकास कार्य वित्तीय वर्ष 2025-26 बजट में एयरपोर्ट से सर्किट हाउस तक सड़क सौन्दर्यकरण एवं विद्युतीकरण कार्य हेतु 1000 लाख रुपए, पांच बत्ती चौराहा से 12वीं रोड़ चौराहा गौरव पथ पर सौन्दर्यकरण एवं विद्युतीकरण कार्य हेतु 1000 लाख रुपए, साइंस पार्क में डिजिटल प्लेनेटेरियम निर्माण एवं अन्य कार्य हेतु 800 लाख रुपए, विवेक विहार गांधी मैदान में स्पोर्टस पार्क/सर्व खेल अकादमी निर्माण कार्य हेतु 500 लाख रुपए, प्राधिकरण के समस्त रिकॉर्ड को स्कैन कर डिजिटलाईज करने हेतु 300 लाख रुपए, जालोरी गेट से सोजती गेट वाया चाँदशाह तकिया सड़क निर्माण कार्य हेतु 200 लाख रुपए, जोधपुर शहर क्षेत्र में सौन्दर्यकरण एवं हेरिटेज संरक्षण संबंधी कार्य हेतु 200 लाख रुपए, आफरी के पीछे नगर वन कार्य हेतु 200 लाख रुपए एवं उम्मेद उद्यान में विकास कार्य हेतु 100 लाख रुपए का भी बजट प्रावधान किया गया है।


