ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने गुरुद्वारों की जमीन सस्ती बेचने पर सवाल उठाए

भास्कर न्यूज | अमृतसर शिरोमणि अकाली दल पुनर्गठन के प्रधान ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने एसजीपीसी प्रधान हरजिंदर सिंह धामी पर गुरुद्वारे की जमीनों की खरीद-फरोख्त में कथित भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शिरोमणि कमेटी पंथक प्रॉपर्टीज की सिर्फ ‘केयरटेकर’ है मालिक नहीं, लेकिन मौजूदा लीडरशिप उनका इस्तेमाल अपने निजी फायदों के लिए कर रही है। उन्होंने जमीन घोटालों का पर्दाफाश करते हुए कहा कि गुरुद्वारा भट्टा साहिब कोटला निहंग खान (रोपड़) में 2002 में एक महिला द्वारा दान की गई प्राइम लोकेशन की एक एकड़ जमीन सिर्फ 7,000 रुपए प्रति गज के हिसाब से बेची गई है। उन्होंने सवाल किया कि हाईवे पर मौजूद कीमती जमीन को इतने कम रेट पर बेचने की क्या जरूरत थी? इसी तरह, गुरुद्वारा अंब साहिब (मोहाली) की जमीन का ​जिक्र करते हुए कहा कि गमाडा ने 39 करोड़ 43 लाख रुपए का मुआवजा दिया था। एक्ट के मुताबिक, जमीन बेचकर मिले पैसे का इस्तेमाल सिर्फ नई जमीन खरीदने के लिए किया जा सकता है, लेकिन एसजीपीसी ने अभी तक कोई नई प्रॉपर्टी नहीं खरीदी है। उन्हें शक है कि इस पैसे का गलत इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने कहा कि यह सब शिअद प्रधान सुखबीर बादल के इशारे पर हो रहा है। “लगता है कि चुनाव नजदीक हैं, इसलिए फंड इकट्ठा करने के लिए पंथक जमीनें बेची जा रही हैं।” उन्होंने ऐलान किया कि पार्टी को मजबूत करने के लिए 3 मार्च को श्री आनंदपुर साहिब में एक बड़ी पंथक कॉन्फ्रेंस की जाएगी। इस मौके पर पार्टी संगत के सामने अपना ‘विजन डॉक्यूमेंट’ पेश करेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *