ज्योति नगर थाने में पुलिसकर्मियों ने खेली होली:ट्रैफिक पुलिसकर्मी शाम 4 बजे यादगार में खेलेंगे होली

जयपुर में इस बार होली और धुलंडी दो दिन मनाए जाने के कारण पुलिस प्रशासन असमंजस की स्थिति में रहा। इसी बीच बुधवार को ज्योति नगर थाना परिसर में पुलिसकर्मियों ने होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया। ज्योति नगर थाना परिसर में थाने के सुपरविजन अधिकारी, थाना अधिकारी और अन्य पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान डीजे की धुन पर पुलिसकर्मी थिरकते नजर आए और माहौल उत्साहपूर्ण रहा। पुलिस मुख्यालय की ओर से निर्देश जारी किए गए थे कि स्थानीय कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए एसपी, रेंज आईजी और पुलिस आयुक्त अपने स्तर पर होली मनाने का निर्णय लें। इसी के तहत विभिन्न जिलों में पुलिस ने परिस्थितियों के अनुसार आयोजन किया। गौरतलब है कि पुलिसकर्मी हर त्योहार पर आमजन की सुरक्षा के लिए सड़कों पर तैनात रहते हैं। होली ऐसा एकमात्र पर्व है, जिसे वे आमतौर पर दो दिवसीय आयोजन के बाद तीसरे दिन आपस में मिलकर मनाते हैं। इस बार धार्मिक मान्यताओं के चलते लोग दो दिन धुलंडी मना रहे हैं, जिससे पुलिस की होली का समय बदला गया। आमतौर पर अगले दिन सुबह होने वाला आयोजन इस बार शाम को किया जा रहा है। धुलंडी के दिन और उसके बाद भी शहर की सड़कों पर पुलिस बल तैनात रहा। जनता की होली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के बाद पुलिसकर्मी आज शाम होली मनाएंगे। वहीं ट्रैफिक पुलिस का आयोजन शाम 4 बजे यादगार भवन में प्रस्तावित है। इस दौरान पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल भी पूरे दिन शहर का भ्रमण करते रहे, ताकि आमजन बिना किसी व्यवधान के रंगों के त्योहार का आनंद ले सके। उल्लेखनीय है कि पुलिस बल रविवार सुबह से लगातार ड्यूटी पर तैनात है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसी भावना के साथ पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों के साथ-साथ त्योहारों को भी मनाते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *