झुंझुनूं के बिसाऊ कस्बे में ज्वेलरी की दुकान से चोरी होने का मामला सामने आया है। चोर गैस कटर से दुकान का शटर काटकर ढाई किलो चांदी चुरा ले गए। पास ही में फेरी लगा रहा चौकीदार आवाज सुनकर मौके पर पहुंचा तो चोर मौके से फरार हो गए। घटना झुंझुनूं के बिसाऊ कस्बे के मुख्य बस स्टैंड पर स्थित न्यू मार्केट की है। घटना देर रात डेढ बजे के करीब की है। चोरी की ये पूरी वारदात ज्वेलरी की दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। जिसमें रात 12ः43 बजे चोर शौरूम में आते हुए दिखाई दे रहे है। दो मिनट चोर इधर उधर देखते है, फिर एक चोर निगरानी करने के बाहर चला जाता। फिर रात 1ः28 बजे शटर काटना शुरू करते है। करीब आधे घंटे बाद चोर शटर काटकर दुकान के अंदर घुसकर चोरी करते हुए नजर आ रहा है। चौकीदार को देखकर फरार हुए बिसाऊ निवासी नासिर ने बताया कि वह कस्बे में चौकीदार का काम करता है। शुक्रवार देर रात को कस्बे में फेरी लगा रहा था। बस स्टैंड पर पहुंचा तो न्यू मार्केट में स्थित ज्वेलरी की दुकान से किसी की आवाज सुनाई दी। ऊपर जाकर देखने लगा तो एक व्यक्ति भागता हुआ नजर आया। दुकान का शटर टूटा हुआ था। एक व्यक्ति दुकान के अंदर था। मैंने तुरन्त पुलिस को सूचना दी। दुकान में घुस रहा चोर मौके से भागने लगा। चोर का पीछा किया तो उसने मेरी तरफ लोहे की पाइप फेंकी। फिर भी बस स्टैंड तक चोर का पीछा किया। उसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। थानाधिकारी रामसिंह ने बताया कि देर रात बस स्टैंड पर स्थित हरिराम सोनी की दुकान पर चोरी की सूचना मिली थी। जाब्ते के साथ मौके पहुंचे तो चोर मौके से भाग चुके थे। उसके बाद सीसीटीवी फुटेज चेक किए। जिसमें दो संदिग्ध नजर आए। तुरन्त प्रभाव से चार टीम बनाकर आरोपियां का पीछा किया। दो घंटे की मशक्कत के बाद रेलवे स्टेशन के पास से एक युवक को डिटेन कर लिया था। पूछताछ कर रहे है।


