ज्वेलरी की दुकान से सोने की चेन ले उड़ा कबूतर:छत पर जा बैठा, कड़ी मशक्कत के बाद वापस मिली 1 लाख रुपए की चेन

राजस्थान के डेगाना के सराफा बाजार से एक अनोखा मामला सामने आया, जहां एक कबूतर ज्वेलरी की दुकान से करीब एक लाख रुपए की सोने की चेन लेकर उड़ गया। यह घटना उस समय हुई जब रामेश्वर प्लाजा में स्थित एक दुकान के ऊपर बने कमरों में आभूषण बनाने का काम चल रहा था। चेन को लेकर छत पर जा बैठा कबूतर आभूषण बना रहे कारीगर सामीन बंगाली ने बताया कि वो दोपहर 12 बजे के करीब दुकान के ऊपर बने कमरे पर आभूषण बना रहे थे। तभी वहां खिड़की पर और उसके आसपास कुछ कबूतर आकर बैठ गए। उनका ध्यान जैसे ही इधर-उधर हुआ तभी एक कबूतर ने तैयार की जा रही सोने की चेन को अपनी चोंच में दबाया और वहां से उड़कर छत पर जाकर बैठ गया। कड़ी मशक्कत के बाद वापस मिली चेन अचानक हुई इस घटना से व्यापारी और आसपास के दुकानदार सकते में आ गए। व्यापारियों ने कबूतर पर नजर बनाई रखी और उसे नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। व्यापारियों ने दुकान की छत पर जाकर कबूतर को पकड़ना चाहा लेकिन वो उड़ गया। हालांकि, उड़ान भरते समय चेन छत पर ही गिर गई। पहली बार हुई ये अनोखी घटना चेन वापस मिलने के बाद व्यापारियों ने राहत की सांस ली। सराफा बाजार के व्यापारियों ने बताया कि सोने के बढ़ते दामों के कारण सुरक्षा को लेकर पहले से ही चिंता रहती है, लेकिन इस तरह की अनोखी घटना पहली बार हुई है। यह घटना पूरे बाजार में चर्चा का विषय बनी रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *