ज्वेलरी शॉप से 2 मिनट में 19 लाख की चोरी,VIDEO:3 बदमाशों ने की वारदात, 25 मिनट तक दुकान के बाहर की रेकी

नागौर के मेड़ता में 3 बदमाशों ने एक ज्वेलरी शॉप का शटर तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। चोर 2 मिनट में 19 लाख के सोने चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। चोरी की वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। जिसमें मुंह पर रुमाल बांधे दो चोरों का हुलिया भी लगभग साफ दिखाई दे रहा है। एक चोर के हाथ पर बना टैटू भी दिख रहा है। घटना मेड़ता के रियांबड़ी कस्बे में श्री बजरंग गढ़ बालाजी ज्वेलर्स पर मंगलवार रात 3 बजे की है। 2 मिनट में लाखों के जेवरात लेकर हुए फरार रियांबड़ी निवासी रामप्रसाद सोनी (55) पुत्र पुखराज सोनी ने बताया- उनकी श्रीबजरंग गढ़ बालाजी ज्वेलर्स नाम की दुकान कस्बे के ग्रामीण बैंक के नीचे है। जिसमें मंगलवार रात को तीन बदमाश रात 2 बजकर 37 मिनट पर को दुकान पर आए और शटर तोड़ने और आसपास की चौकसी करने लगे। इसके बाद 3 बजकर 2 मिनट पर चोर दुकान के अंदर घुसे और 2 मिनट में वारदात को अंजाम देकर 3 बजकर 4 मिनट पर दुकान से बाहर निकल कर फरार हो गए। चोरों ने करीब 14 लाख रुपए की 15 किलो चांदी और 4 लाख रुपए का 50 ग्राम सोना, 50 हजार रुपए नकदी और अन्य सामान चुराकर ले गए। इस पूरी चोरी का आकलन करीब 19 लाख रुपए लगाया गया है। पहरेदार की विशल (सीटी) सुनकर दुकान से निकले चोर रात 3 बजे करीब पहरेदार मुख्य चौराहे के पास विशल (सीटी) बजाते हुए आया। पहरेदार की विशल की आवाज सुनकर चोर जल्दी से सारा माल समेट कर दुकान से बाहर निकले और पास वाली गली से होते हुए मौके से भाग गए। जिसके बाद चोरों ने कुछ दूरी पर जाकर ज्वेलरी के खाली डिब्बे फेंक दिए। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे तीन चोर पादूकलां थानाधिकारी सत्यनारायण चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पादूकलां पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी को खंगाले तो वारदात का खुलासा हुआ। जिसमें तीन बदमाश वारदात को अंजाम देते हुए नजर आ रहे है। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है। तीन दिन का अल्टीमेटम, नहीं तो बंद करेंगे बाजार स्वर्णकार समाज तहसील अध्यक्ष लालचंद सोनी और रियांबड़ी व्यापार संघ अध्यक्ष गजेंद्र वैष्णव ने पुलिस-प्रशासन को ज्ञापन देते हुए बताया कि रियांबड़ी में पहले भी ज्वेलर्स की दुकानों में कई चोरी वारदात हो चुकी है, जिनका खुलासा नहीं हो पाया है। इस बार चोरों का हुलिया सीसीटीवी में लगभग स्पष्ट दिखाई दे रहा है। ऐसे में पुलिस को जल्द से जल्द खुलासा करना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो हम बाजार बंद करके आंदोलन करेंगे। साथ ही व्यापार मंडल की ओर से रात्रि गश्त भी प्रभावी बनाने की मांग की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *