प्रतापनगर इलाके में शनिवार रात करीब 8 बजे कार सवार बदमाशों ने एक ज्वेलर पर हमला कर ज्वेलरी से भरा बैग लूट लिया। बदमाशों ने पहले ज्वेलर की कार को ओवरटेक कर रोका, फिर डंडों से शीशे तोड़कर मारपीट की और बैग लेकर फरार हो गए। बैग में 50 ग्राम सोना और 7 किलो चांदी रखी हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश शुरू की। हालांकि देर रात तक उनका कोई सुराग नहीं लगा था। RUHS के पास वारदात: कार के शीशे तोड़े पुलिस के अनुसार श्योपुर निवासी रामनिवास सोनी की वाटिका में गणपति ज्वेलर्स के नाम से दुकान हैं। शनिवार शाम साढ़े 7 बजे वे दुकान बंद कर कार से घर लौट रहे थे। प्रतापनगर में आरयूएचएस के पास अजय मार्ग पर कार सवार बदमाशों ने उनकी कार को आगे से रोक लिया। इसके बाद डंडों से कार के शीशे तोड़े और मारपीट कर ज्वेलरी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। वारदात के तरीके को देखते हुए शक है कि बदमाश पहले से रैकी कर रहे थे। वारदात के बाद एसएचओ पूरणमल यादव के नेतृत्व में आधा दर्जन टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश कर रही हैं।


