दोस्त को भरोसे में लेकर उसकी ज्वेलरी की दुकान से सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लेकर फरार हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को 6 माह बाद जालोर की रामसीन थाना की पुलिस ने गिरफ्तार किया। रविवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे तीन दिन के रिमांड पर भेजा गया। पुलिस पूछताछ कर रही है। रामसीन थानाधिकारी तेजू सिंह ने बताया- थाना इलाके के वाडका गोगा गांव निवासी गणपत सोनी ने 26 जून को रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया कि गणपत और उसका दोस्त गुजरात में बनासकांठा के अगथला में रामसण और हाल रानीवाड़ा के मेड़ा निवासी आशीष कुमार पुत्र रमेश कुमार सोनी गणपत की दुकान पर 24 जून को बैठे थे। दोपहर में गणपत दुकान आशीष के भरोसे छोड़ कर खाना लेने के लिए घर गया। कुछ देर बाद गणपत खाना लेकर वापस लौटा तो देखा कि दुकान पर आशीष नहीं है। दुकान से सोने चांदी के गहने व 25 हजार रुपए नकदी भी चोरी कर फरार हो गया। इस रिपोर्ट पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरु की। पुलिस ने इस मामले में रविवार को आशीष कुमार पुत्र रमेश कुमार सोनी को मेड़ा के बस स्टैंड से पकड़ा। उसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। रविवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। माल बरामद करने को लेकर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।


