पुलिस थाना प्रताप नगर, जयपुर ईस्ट ने ज्वेलर से हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर अपराधियों कौशल श्रीमाल (24) और समीर खान (20) को गिरफ्तार किया है। साथ ही, एक नाबालिग को डिटेन किया गया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। बता दें कि 14 फरवरी की रात करीब 8 बजे ज्वेलर रामनिवास सोनी अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। अजय पार्क सामुदायिक केंद्र के सामने अज्ञात बदमाशों ने उनकी कार को रोककर शीशे तोड़े, उनके साथ मारपीट की और डिग्गी में रखे गहनों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। थे 1 किलो 300 ग्राम चांदी, 8 ग्राम सोने के आभूषण बरामद आरोपी ज्वेलर से 64 ग्राम सोने के जेवर और करीब 8 किलो चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गये थे। इस संबंध में थाना प्रताप नगर में मामला दर्ज किया गया। मामला दर्ज होने के बाद थानाधिकारी पूरण मल यादव के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिसके बाद दुकान से घटनास्थल तक का पूरा रूट ट्रेस किया गया। पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर लगातार पीछा किया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाटिका रोड से एक नाबालिग को डिटेन किया। वहीं, मुखबिर तंत्र की सहायता से कौशल और समीर को इंडिया गेट, बालू भट्टी पार्क क्षेत्र से डिटेन कर पूछताछ की गई। बाद में दोनों को मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 300 ग्राम चांदी, 8 ग्राम सोने के आभूषण बरामद कर जब्त किए हैं। वारदात का तरीका पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य साजिशकर्ता हंसराज बैरवा उर्फ हंसू उर्फ टैम्पू और राज सीकरवार आदतन अपराधी हैं और पूर्व में भी लूट के मामलों में चालानशुदा रह चुके हैं। इन्होंने पहले व्यापारी की रेकी करवाई, जिसके लिए बाल अपचारी का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद कौशल और समीर को साथ लेकर कार से व्यापारी का पीछा किया गया। सुनसान स्थान पर उनकी गाड़ी रोककर डराने-धमकाने, तोड़फोड़ करने और मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। फरार आरोपियों की तलाश जारी वारदात में शामिल हंसराज बैरवा और राज सीकरवार फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। टीम में शामिल अधिकारी इस कार्रवाई में थाना प्रताप नगर एवं तकनीकी शाखा के कुल 10 पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही। टीम में एसएचओ पूरणमल यादव, एसआई होशियार सिंह, हेड कांस्टेबल दशरथ और कॉन्स्टेबल गणेश, शंकर सहित अन्य पुलिस के जवान शामिल रहे।


