कनाड़िया क्षेत्र में 45 साल की महिला के मकान पर बदमाशों द्वारा कब्जा करने का मामला दर्ज हुआ है। जो चेक दिए वे भी बाउंस हो गए। महिला से छेड़छाड़ की, उसकी बेटियों को गायब करने की धमकी देकर मकान खाली करवा लिया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर संदीप गुर्जर, उसके भाई प्रवीण गुर्जर निवासी काउंटीवॉक कॉलोनी झलारिया के खिलाफ केस दर्ज किया है। महिला ने बताया कि पति की मौत के बाद तंगी से गुजर रही थी। घर बेचकर मुरैना जाने का मन बनाया था। दोनों बदमाशों ने मेरे डुप्लेक्स मकान का सौदा किया। 2016 में दोनों भाइयों ने मुझे 20 लाख 50 हजार रुपए के चेक दिए थे। मुझे भरोसे में लेकर कहा कि जल्द ही रुपया तुम्हारे खाते में आ जाएगा। मैंने भरोसा करके रजिस्ट्री उनके नाम कर दी। कुछ समय बाद संदीप बोला कि रहने की कोई जगह नहीं है। फिर वह मेरे घर दो कमरों में परिवार के साथ रहने आ गया। इसके बाद जब भी मैं बकाया राशि मांगती तो वे बदसलूकी करने लगे। मेरे साथ छेड़छाड़ करने लगे। धमकी दी कि अगर बकाया राशि के बारे में बात की तो मेरी दोनों बेटियों को उठवा लेंगे। इसके बाद विवाद कर उन्होंने मुझे घर से निकाल दिया। मामले की जांच जारी है।


