अलवर शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र के मोती डूंगरी में दो महिलाएं एक घर से दो हैंड बैग और कीमती सामान चोरी कर ले गई। महिलाएं झाड़ू-पोछा के बहाने घर में घुसी थी। एक ने बुजुर्ग महिला को बातों में लगाया और दूसरी ने अलमारी के अंदर से बैग और कीमती सामान चोरी किया। घर से सोने का मंगलसूत्र, चांदी के बर्तन, चांदी के सिक्के, चांदी की जेवर सहित 20 हजार रुपए की नकदी ले गई। अब पुलिस सीसीटीवी के आधार पर महिलाओं को ढूंढ़ने में लगी है। मामला 20 फरवरी का है। अब पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मोती डूंगरी निवासी अनु अग्रवाल ने पुलिस में रिपोर्ट दी कि 20 फरवरी को सुबह 10 बजे के आस-पास दो महिलाएं उनके घर पर पहुंची थी। उन्होंने कहा कि वे बगल में ही झाड़ू-पोछा का काम करती है। किसी ने बताया कि आपको भी जरूरत है। उन्हें बाद में आने को कहा। जब दोपहर बाद आई, तब घर में बुजुर्ग सास ही थी। दोनों महिलाओं ने बुजुर्ग को बातों में लगाया। इस बीच एक महिला अंदर चली गई और अलमारी खोलकर हैंड बैग उठाए। कीमती सामान जेवर चोरी कर लिए। उसके बाद दुबारा आने की बात कहकर निकल गई। जब वह स्कूल से घर आई तो अलमारी को सामान बिखरा मिला। इसके बाद देखा तो अलमारी के अंदर से कीमती सामान भी नहीं मिला।


