सिरोही की पिंडवाड़ा तहसील में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। तहसील मुख्यालय से महज 2 किलोमीटर दूर स्थित झाड़ोली गांव की नदी में चल रहे अवैध बजरी खनन को लेकर ग्रामीणों ने बुधवार को जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। थानाधिकारी भवानी सिंह राजावत के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके से अवैध बजरी परिवहन में लगे दो ट्रैक्टरों-ट्रॉली को जब्त कर थाने ले आई। पूरी कार्रवाई के दौरान स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे। पिंडवाड़ा के एसडीएम नरेंद्र जांगिड़ ने कहा कि अवैध बजरी परिवहन को रोकने के लिए माइनिंग विभाग और पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। टीम में एसआई भगवत सिंह, हेड कॉन्स्टेबल मनोहर सिंह, कॉन्स्टेबल जितेंद्र सिंह, शैलेश राजपुरोहित और लोकेश मीना शामिल थे।


