झाबुआ के रानापुर थाना क्षेत्र में पाडलवा स्थित सरकारी मॉडल स्कूल के छात्रों को पैदल ले जाने और स्टाफ को धमकाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने एनएसयूआई (NSUI) के जिलाध्यक्ष नरवेश अमलियार और उनके साथी निलेश गणावा पर एफआईआर दर्ज की है। स्कूल के प्रभारी प्राचार्य दिलीप कुमार बघेल की शिकायत के अनुसार, यह घटना 30 जनवरी की है। आरोप है कि नरवेश और उनके साथियों ने बिना किसी अनुमति के छात्र-छात्राओं को प्रशासन के खिलाफ भड़काया और उन्हें अपनी मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन देने के लिए स्कूल से जिला मुख्यालय तक करीब 16 किलोमीटर पैदल ले गए। स्टाफ को दी जान से मारने की धमकी शिकायत में बताया गया है कि जब शिक्षकों ने बच्चों को इस तरह असुरक्षित तरीके से ले जाने से मना किया, तो आरोपियों ने उनके साथ बदतमीजी की। उन पर आरोप है कि उन्होंने स्टाफ को जान से मारने की धमकी दी और कहा कि अगर बच्चों को रोका गया तो अंजाम बुरा होगा। डर के कारण शिक्षकों को भी बच्चों की सुरक्षा के लिए उनके साथ पैदल जाना पड़ा, जिससे स्कूल का कामकाज पूरी तरह ठप रहा। एनएसयूआई का पक्ष एनएसयूआई जिलाध्यक्ष नरवेश अमलियार का कहना है कि वे केवल छात्रों की समस्याएं हल करवाना चाहते थे और बच्चे अपनी मर्जी से आए थे। उन्होंने खुद पर दर्ज हुई एफआईआर को गलत बताया है।


