झारखंड के बेरमो प्रखंड निवासी सामाजिक कार्यकर्ता विकास कुमार गुप्ता को अंतरराष्ट्रीय संस्था Uniearth Humanity and Peace Foundation ने “Nelson Mandela Humanitarian Excellence Recognition” सम्मान से नवाजा है। यह सम्मान उन्हें मानवता की सेवा, सामाजिक बदलाव और शांति स्थापना में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए नेल्सन मंडेला अंतरराष्ट्रीय दिवस के मौके पर दिया गया। जरूरतमंद की करते रहे हैं मदद विकास गुप्ता पिछले कई वर्षों से समाज के जरूरतमंद तबके के बीच लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, आपदा राहत, डिजिटल साक्षरता और वरिष्ठ नागरिकों की सहायता जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम किया है। लॉकडाउन के दौरान वे हजारों जरूरतमंदों के लिए भोजन, दवा और जरूरी संसाधनों की व्यवस्था में जुटे रहे। उन्होंने दर्जनों बच्चों की हार्ट सर्जरी, स्कूल फीस, मोबाइल, साइकिल और बुजुर्गों को पेंशन व ट्राईसाइकल जैसी जरूरी मदद दिलाई है। सम्मान उन सभी का जो निस्वार्थ करते हैं मदद विकास गुप्ता ने सम्मान मिलने पर कहा, “यह सम्मान मेरे लिए नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के लिए है जो निस्वार्थ भाव से समाज सेवा में लगे हैं। नेल्सन मंडेला जैसे महापुरुष की प्रेरणा से हम बेहतर समाज की कल्पना कर सकते हैं।” विकास गुप्ता बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद के प्रशंसक हैं। उन्होंने सोनू सूद के माध्यम से कई लोगों को मदद पहुंचाई, जिनमें गंभीर बीमार बच्चों की सर्जरी, गरीब छात्रों की शिक्षा सहायता, और अन्य सेवाएं शामिल हैं। वे हर साल सोनू सूद का जन्मदिन सेवा कार्यों के साथ मनाते हैं, और इसी कारण उन्हें “झारखंड का सोनू सूद” भी कहा जाता है। मिल रही है अंतरराष्ट्रीय पहचान विकास के कार्यों को अंतरराष्ट्रीय पहचान भी मिल रही है। हाल ही में इटली की प्रसिद्ध मैगजीन La Stelle ने उन्हें “Sonu Sood of Jharkhand” की उपाधि दी और उनके कार्यों को विशेष रूप से प्रकाशित किया।
उनकी इस उपलब्धि से पूरे झारखंड में खुशी और गर्व का माहौल है। लोगों ने सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई दी और उनके योगदान की सराहना की।