झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार दोपहर करीब 12.30 बजे हेलीकॉप्टर से आगर मालवा जिला मुख्यालय के बैजनाथ महादेव मंदिर के पास बने हेलीपैड पर उतरे। यहां से कार के जरिये नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी माता मंदिर पहुंचे। सीएम ने यहां दर्शन के बाद विधि विधान से पूजन किया। इसके बाद सांदीपनि गुरु के आश्रम में पत्नी के साथ हवन किया। 11 पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ विशेष अनुष्ठान कराया। हेमंत सोरेन चौथी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार मां बगलामुखी मंदिर पहुंचे हैं। सीएम सोरेन का मुख्य पुजारी और कांग्रेस नेताओं ने स्वागत किया। हेमंत सोरेन ने कहा- नलखेड़ा आकर मुझे बहुत अच्छा लगा। सोरेन ने पत्रकारों के किसी सवाल के जवाब नहीं दिए। करीब 4.45 वे हेलीकॉप्टर से झारखंड के लिए निकल गए।


