झारखंड के 13 जिलों में होगी झमाझम बारिश:रांची में अब तक सामान्य से 217% ज्यादा बारिश, यलो-ऑरेंज अलर्ट किया जारी

झारखंड में मानसून अभी लगातार एक्टिव है। शनिवार यानी आज राज्य के 13 जिलों में तेज बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों को लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें रांची, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, कोडरमा, चतरा, बोकारो, सरायकेला-खरसावां और बोकारो शामिल हैं। वहीं, 29 जून को चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, रामगढ़, रांची और गुमला में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जिस पर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अगले दो दिन भी झमाझम बारिश के आसार 30 जून को भी राज्य के 9 जिलों में और 1 जुलाई को 5 जिलों में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है। इन दिनों में भी यलो अलर्ट जारी रहेगा। खासकर गढ़वा, पलामू, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में वज्रपात के साथ बारिश को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। राजधानी रांची में शुक्रवार सुबह हल्की बारिश हुई। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। कई जिलों में रिकॉर्ड की गई बारिश शुक्रवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग स्तर की वर्षा दर्ज की गई। बहरागोड़ा में सबसे अधिक 16 मिमी, मेदिनीनगर में 1 मिमी, बोकारो में 5 मिमी, लातेहार में 5 मिमी और देवघर में 3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। हजारीबाग और गुमला में 2-2 मिमी बारिश हुई है। आज भी रांची में सुबह से बादल छाए हुए हैं। दिन में बारिश की संभावना बनी हुई है। इधर, लोहरदगा में बारिश से बरही नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया, जिससे पुल पर आवागमन बाधित हो गया। एक युवक बाइक समेत बह गया था, जिसे ग्रामीणों ने बचा लिया। हजारीबाग जिले के पदमा में खेत में काम कर रहे 52 वर्षीय प्रकाश मेहता की वज्रपात से मौत हो गई। इसी जिले के चोये गांव में बिल्ती देवी नामक महिला की भी मौत हो गई। वह बकरी चरा रही थी। कुछ जिलों में सामान्य से कम बारिश हालांकि झारखंड में लगातार बारिश हो रही है, पर कुछ जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के आंकड़े के मुताबिक देवघर में 19%, गढ़वा में 2%, गोड्डा में 23% और पाकुड़ में 14% कम बारिश दर्ज की गई है। वहीं, रांची में सामान्य से 217% ज्यादा बारिश हो चुकी है। एक जून से अब तक रांची में 534.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश 168.6 मिमी है। पूरे राज्य में अब तक 298.2 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्य वर्षापात 160.2 मिमी होता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *