झारखंड में अभी मानसून ने प्रवेश नहीं किया है। लेकिन अगले एक सप्ताह में मानसून के आने के आसार हैं। इधर प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। बुधवार को रांची सहित राज्य के कई जिलों में दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई। प्रदेश के अधिकांश जिले में करीब 45 मिनट से अधिक बारिश हुई। इस दौरान हवा की रफ्तार भी काफी तेज रही। केवल रांची में आधे घंटे से अधिक समय में 8 एमएम बारिश हुई। इससे पूरा शहर तर-बतर हो गया। बारिश के साथ तेज हवा चलने से हरमू बाइपास रोड में एक पेड़ गिर गया। वहीं कई जगहों पर पेड़ की टहनियां टूटकर सड़क पर गिर गईं। इस वजह से कुछ देर के लिए ट्रैफिक जाम की समस्या भी हुई। प्रदेश के 5 जिलों में आज झमाझम बारिश मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के पूर्वी भाग अंतर्गत गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा,पाकुड़, साहेबगंज सहित अन्य क्षेत्रों में गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। पूरे राज्य में छह और सात जून को आंशिक बादल छाए रहेंगे। इस दौरान मौसम शुष्क रहेगा। आठ जून से एक बार फिर बारिश होने की संभावना है। पूरे राज्य में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। इस दौरान अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी भी होगी। जमशेदपुर में एक युवक ठनका से घायल कोल्हान प्रमंडल के जमशेदपुर में दिन भर तेज धूप रहने के बाद शाम होते ही मौसम ने करवट ली। तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हुई। करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई। हवा भी तेज चली। कई इलाकों में वज्रपात हुआ। रात 8.30 बजे तक 15 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं सिदगोड़ा के बारीडीह विद्यापति नगर में 15 साल का दिव्यांशु पाल आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया। शाम को सिदगोड़ा मैदान के पास एक पेड़ के नीचे बैठा था। इसी दौरान तेज गर्जना और बारिश के बीच बिजली गिरी। दिव्यांशु को जोरदार झटका लगा। पहले उसे एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। फिर टीएमएच रेफर किया गया। उसकी हालत स्थिर है। धनबाद का पारा 1.9 डिग्री लुढ़का धनबाद जिले में लोग दिन में ऊमस भरी गर्मी से परेशान रहे। तीखी धूप के बीच पसीने से तरबतर होते रहे। दोपहर बाद बादलों की आवाजाही बढ़ी। शाम में झमाझम बारिश हुई। दोपहर तक 32.6 डिग्री पर पहुंचा पारा 1.9 डिग्री लुढ़क गया। आज भी कहीं-कहीं पर गर्जन साथ कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। वज्रपात की भी संभावना है।