झारखंड के 8 जिलों में आज आंधी-वज्रपात:रामनवमी पर रांची में सताएगी गर्मी, 9 अप्रैल तक हल्की बारिश, 10 से मौसम साफ

आज से ही झारखंड का मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। रामनवमी के मौके पर जहां राज्य के कुछ हिस्सों में तेज धूप और गर्म हवा परेशान कर सकती है तो वहीं कुछ हिस्से में आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवा चलने का पूर्वानुमान किया गया है। मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट की बात करें तो राज्य के उत्तर-पूर्वी भाग में मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 किलोमीटर से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। राज्य के जिस हिस्से में मौसम में यह बदलाव नजर आने वाला है उसमें देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिला शामिल है। हालांकि इसी दौरान राजधानी रांची और उसके आसपास में मौसम साफ रहने वाला है। वातावरण शुष्क रहेगा। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है। ऐसे में राजधानी रांची में जब रामनवमी की जुलूस निकालेगी तो उस दौरान गर्म हवा और तेज धूप परेशान कर सकती है। गुमला-लोहरदगा में हुई हल्की बारिश बात पिछले 24 घंटे के झारखंड के मौसम की करें तो इस दौरान गुमला और लोहरदगा में हल्के से भी कम दर्ज की बारिश हुई है। सबसे अधिक बारिश गुमला में 2.5 मिमी रिकॉर्ड की गई है जबकि सबसे अधिक तापमान वाले जिले की बात करें तो यह गोड्डा है। यहां का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि सबसे कम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस लोहरदगा में रिकॉर्ड किया गया है। मौसम में बड़े बदलाव वाले जिले में रांची, जमशेदपुर, डाल्टनगंज, बोकारो और चाईबासा रहा है। 7, 8 और 9 अप्रैल को राज्य में होगी बारिश बारिश को लेकर मौसम केंद्र रांची की ओर से बताया गया है कि 7, 8 और 9 अप्रैल को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। मौसम में होने वाले इस बदलाव को देखते हुए अलग-अलग जिलों में अलग-अलग समय के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। 8 अप्रैल को राज्य के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा तथा सरायकेला-खरसावां में मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। इसी दौरान देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 8 अप्रैल को रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी और रामगढ़ जिले में भी हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की बात कही गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। आकाशीय बिजली गिरने की पूरी संभावना है। 9 अप्रैल को 50km/h चल सकती है हवा मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक 9 अप्रैल को राज्य के दक्षिणी, पूर्वी, पूर्वी मध्य भाग के कुछ जिलों में कहीं-कहीं पर गर्जन और तेज हवाओं का झोंका चल सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। राज्य के इस हिस्से के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दक्षिणी-पश्चिमी और मध्य झारखंड और उत्तर पूर्वी भाग में मेघ गर्जन, तेज हवा का झोंका और वज्रपात की संभावना है। राज्य के इस हिस्से में हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। रांची में ऐसा रहने वाला है मौसम राजधानी रांची उसके आसपास के मौसम की बात करें तो आज आंशिक बादल छाए रहेंगे। मौसम शुष्क रहेगा। ऐसी स्थिति कुछ कुछ हिस्से में ही देखने को मिलेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहने वाला है। 8 अप्रैल को आंशिक बादल छाए रहेंगे। मेघ गर्जन के साथ वर्षा की संभावना है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रहने वाला है। 9 अप्रैल को भी आंशिक बादल छाए रहेंगे। मेघ गर्जन होगा। वहीं बारिश की भी आशंका जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रह सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *