झारखंड भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए बाबूलाल:अब नेता प्रतिपक्ष बनेंगे, कहा- सदन के भीतर और बाहर दोनों जगह करेंगे काम

पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को गुरुवार को झारखंड भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। भाजपा कार्यालय में बीजेपी संसदीय बोर्ड ने दो केंद्रीय पर्यवेक्षकों भूपेंद्र यादव और के. लक्ष्मण के साथ विधायकों की बैठक हुई। इसमें बाबूलाल मरांडी के नाम पर मुहर लगी। इसके साथ ही बाबूलाल मरांडी का अब नेता प्रतिपक्ष बनना तय हो गया। बाबूलाल मरांडी धनवार विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक हैं। भाजपा की ओर से विधायक दल का नेता चुने जाने की जानकारी देते हुए स्पीकर से नेता प्रतिपक्ष के रूप में बाबूलाल मरांडी को मान्यता देने के लिए पत्र लिखा जाएगा। इसके आधार पर स्पीकर उन्हें नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने की मान्यता देंगे। बाबूलाल मरांडी को विधायक दल का नेता चुने जाने पर पार्टी के विधायकों एवं पदाधिकारियों ने बधाई दी। सर्वसम्मति से हुआ फैसला
केंद्रीय पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में सभी विधायकों ने नेता पद के लिए अपनी-अपनी राय दी। इसके बाद सर्वसम्मति से बाबूलाल मरांडी को विधायक दल का नेता चुना गया। नेता चुने जाते ही बैठक में मौजूद भाजपा के सभी विधायकों ने उन्हें बारी-बारी से बधाई दी। पार्टी पदाधिकारियों ने माला पहनाकर एवं पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया। पार्टी और संगठन के लिए 24 घंटे काम करूंगा: बाबूलाल
विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद बाबूलाल मरांडी ने कहा कि वे पार्टी और संगठन के लिए 24 घंटे काम करेंगे। उन्होंने कहा कि सदन के अंदर और बाहर दोनों जगहों पर काम करेंगे। पार्टी के सभी विधायक और पदाधिकारियों के साथ पार्टी को कैसे मजबूत किया जाए, इस पर काम करेंगे। अपनी पूरी क्षमता और अपने पूरे ताकत का उपयोग करेंगे। सबको साथ लेकर चलने का प्रयास करेंगे। सदन में हमारे सभी वरिष्ट विधायक हैं। स्पीकर ने पिछली बार पूरे समय तक नेता प्रतिपक्ष के मामले को लटका कर रखा था। तब भी भाजपा ने नेता प्रतिपक्ष के बिना ही सदन के भीतर और बाहर अपनी लड़ाई लड़ी। नेता चुने जाने को लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के अन्य नेताओं के प्रति अभार व्यक्त किया। झारखंड के लोगों का ध्यान रखते हुए चयन हुआ: के. लक्ष्मण ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद के. लक्ष्मण ने कहा कि झारखंड के लोगों का ख्याल रखते हुए ही विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी का चयन किया गया है। आदिवासी वर्ग को भी देखते हुए उनका चयन हुआ है। कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हम पूरे देश में सदन के बाहर और भीतर अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। भाजपा हर वर्ग के लोगों का ख्याल रखती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *