झारखंड में अंडा उत्पादन बढ़ाने की पहल:कृषि मंत्री ने किया बसिया पोल्ट्री फॉर्म का निरीक्षण, 300 महिलाओं को मिला रोजगार

झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पा नेहा तिर्की ने गुरुवार को गुमला जिले का दौरा किया। उन्होंने बसिया प्रखंड के बनई स्थित पोल्ट्री फार्म का निरीक्षण किया, जहां वर्तमान में लगभग 300 महिलाएं रोजगार प्राप्त कर रही हैं। मंत्री ने कहा कि राज्य में अंडा उत्पादन की कमी के कारण दूसरे राज्यों से आयात करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि इस तरह के और फॉर्म खोलने से न केवल अंडा उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि रोजगार सृजन से पलायन की समस्या भी कम होगी। उन्होंने कहा कि झारखंड में किसान मुख्य रूप से धान की खेती करते हैं, जिससे बाकी समय खेत खाली रहते हैं। ऐसे में पशुपालन क्षेत्र में विविधीकरण से किसानों की आय बढ़ाई जा सकती है। दौरे के दौरान मंत्री ने बसिया प्रखंड के लुंगटु में महिला मंडल की सभा को संबोधित किया। इसके बाद वे पालकोट और गुमला में आयोजित कार्यक्रमों में भी शामिल हुईं। कार्यक्रम में डीडीसी दिलेश्वर महतो, एसडीओ जयवंती देवगम, बीडीओ सुप्रिया भगत सहित अन्य अधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंत्री का स्वागत बाघमुंडा होटल केमताटोली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *