झारखंड में अगले 2 दिन गरज के साथ बारिश:रांची सहित 11 जिलों में बरसेंगे बादल, 3 अगस्त तक 3 डिग्री तक गिरेगा पारा

झारखंड में दो दिनों तक लगभग नहीं के बराबर बारिश हुई है। अब एक बार फिर मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार, अगले दो दिनों तक राज्य के कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन 3 अगस्त तक तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलेंगी विभाग के अनुसार, आज पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन इलाकों में आंधी-तूफान के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। वहीं, उत्तर पूर्वी झारखंड जिसमें देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहेबगंज जिले आते हैं, में भी कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश का अनुमान है। 31 जुलाई से 2 अगस्त तक भी बारिश 31 जुलाई को राज्य के कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 1 और 2 अगस्त को भी राज्य में आंशिक बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इन तारीखों को भी पश्चिमी, दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी झारखंड में 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं। 4 और 5 अगस्त को भी जारी रहेगा बारिश का असर 4 और 5 अगस्त को भी झारखंड के अधिकांश हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना जताई गई है। इस अवधि में भी लोगों को मौसम के बदलते मिजाज के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है। बीते 24 घंटे में रांची का अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं देवघर में पिछले 24 घंटे में 23.2 मिमी वर्षा हुई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान पलामू में 31.8 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 21.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। कुल मिलाकर, आने वाले कुछ दिनों तक झारखंड में लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन तेज हवाओं और बिजली की गरज के साथ होने वाली बारिश को देखते हुए सावधानी बरतना भी जरूरी होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *