मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत झारखंड के सभी जिलों में 20 मार्च से मौसम बदल गया है। लगभग पूरे राज्य में तेज हवा के साथ वज्रपात, मेघ गर्जन, ओलावृष्टि और बारिश शुरू हो गई है। लगातार हो रही इस बारिश ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। गढ़वा, पलामू और धनबाद जिले से शुरू हुई बारिश बीते दो दिनों में पूरे राज्य में प्रभाव डाले हुए है। तेज हवा और बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से गुमला के चैनपुर प्रखंड स्थित संत अन्ना उच्च विद्यालय की छात्रा लक्ष्मीनिया केरकेट्टा की मौत हो गई है। वहीं लोहरदगा जिले के कुडू में तुलु राव की मौत हो गई। मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक बंगाल की खाड़ी की नम हवा और उत्तर भारत से आ रही हवा के कारण पूरे झारखंड में बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची की मानें तो यही स्थिति 23 मार्च को भी रहेगी। फसलों को हुआ नुकसान, आकलन करने का निर्देश इधर, लगातार हो रही बारिश ने फसल को नुकसान पहुंचाया है। ओरमांझी में बंधा गोभी, फूलगोभी, नेनुआ, खीरा, करेला, टमाटर, पालक, धनिया, मिर्च और पुदीना लगा है। सब्जियों को काफी नुकसान पहुंचा है। पालक व धनिया के पौधे तेज आंधी व बारिश से गल गए हैं। इसी तरह रांची के तुपुदाना, इटकी, बेड़ो में सब्जी की फसल को नुकसान पहुंचा। आम-लीची के मंजर और टिकोरे को भी क्षति पहुंची है। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने फसल नुकसान की मुआवजा राशि के भुगतान को लेकर राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री इरफान अंसारी से वार्ता की है। कृषि मंत्री ने अधिकारियों को फसल नुकसान का स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है. प्रखंड और अंचल के पदाधिकारियों को तीन दिनों के अंदर जिला मुख्यालय में फसल नुकसान के आकलन से संबंधित रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। बारिश और ओलावृष्टि रहेगी जारी मौसम केंद्र रांची के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि 22 और 23 मार्च को बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेगी। इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में सबसे अधिक चाईबासा में 54 मिमी रिकॉर्ड हुआ है। रांची में 23.4, जमशेदपुर में 8 व खूंटी में 18 एमएम वर्षा रिकॉर्ड किया गया। आज ऐसा रहेगा मौसम आज के मौसम की बात करें तो पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, कोडरमा, लोहरदगा, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह व संथाल परगना में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। बारिश- वज्रपात की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट और पलामू, गढ़वा, चतरा व लातेहार में यलो अलर्ट जारी किया गया है। 24 मार्च से बादल छटेंगे। मौसम साफ होगा। तापमान बढ़ेगा।