झारखंड में आज तक बारिश, वज्रपात और तेज हवा चलने का पूर्वानुमान किया गया है। संथाल परगना के जिलों में सबसे अधिक मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। देवघर में जहां बादल छाए हुए हैं, वहीं पाकुड़ में सुबह से ही बारिश हो रही है। साहिबगंज में भी बारिश का माहौल बनाए हुए है। मौसम का यह रुख आज 16 जिलों में देखने को मिलेगा। यही वजह है कि इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया है कि यलो अलर्ट के दायरे में रांची, खूंटी, रामगढ़, गुमला, सिमडेगा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज, जामताड़ा और दुमका जिला शामिल है। सात मई से सताने लगेगी गर्मी 7 मई से आकाश साफ रहने के साथ दिन में तेज धूप और गर्मी बढ़ने की संभावना है। सोमवार को राज्य के कई हिस्सों में दोपहर 12 बजे के बाद तेज हवा के साथ बारिश हुई। राजधानी रांची में बादल छाए रहे। कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई। फिलहाल राज्य के सभी जिलों का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से भी काम है। बीते 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान जमशेदपुर का रिकॉर्ड किया गया। यहां का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जबकि राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम और पिछले 24 घंटे में 0.3 डिग्री सेल्सियस अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 3.4 डिग्री कम रहा। सोमवार को लोहरदगा में 2 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। रांची में भी आज हो सकती है बारिश राजधानी रांची में आज आंशिक बादल छाए रहेंगे। मेघ गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहेगा। 7 मई को आंशिक बादल छाए रहेंगे। मेघ गर्जन की संभावना है। बारिश के आसार नहीं हैं। अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहने वाला है। 8 मई को आसमान कितना साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। अधिकतम तापमान 37 डिग्री न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहने के आसार हैं। 9 में को भी आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क रहेगा। अधिकतम तापमान 38 डिग्री न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहने वाला है।


