झारखंड में लो प्रेशर का असर, चढ़ा पारा:2 डिग्री तक तापमान बढ़ने से मिली राहत, सुबह में कुहासा और कनकनी अब भी जारी

दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर का असर झारखंड के मौसम में देखने को मिल रहा है। दिन भर लगने वाली कड़कड़ाती ठंड अब कम सता रही है। राजधानी रांची सहित राज्य के अलग-अलग जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है। दो डिग्री तक अधिकतम तापमान में वृद्धि होने से राहत मिली है। मौसम के इस परिवर्तन के बाद भी राज्य के 11 जिलों में न्यूनतम तापमान अब भी 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रह रहा है। इससे ठंड बरकरार है। सुबह में कुहासा, कनकनी और ठंडी हवा से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले दो दिन में न्यूनतम पारा में दो से चार डिग्री की बढ़ोत्तरी की बात कही है। 20 दिसंबर को राज्य के ऊपर बादल छा सकते हैं। वहीं राजधानी रांची सहित कोल्हान और दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल में बारिश के आसार हैं। 21 के बाद घने कोहरे और ठंड का पूर्वानुमान 20 दिसंबर को बादल और बारिश का पूर्वानुमान है। इसके बाद कई जिलों में घने कोहरे का अनुमान लगाया गया है। 21 दिसंबर के बाद एक बार फिर कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने इसे लेकर लोगों को अलर्ट रहने को कहा है। वहीं घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इधर मौसम में परिवर्तन की संभावना और अत्यधिक ठंड-शीतलहरी को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा ने सभी जिलों को शीतलहरी से बचाव के लिए 80 लाख रुपए का आवंटन भी भेजा है। 4.8 डिग्री पहुंचा रांची के कांके का पारा रांची के कांके क्षेत्र का न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य जगहों में नामकुम, टाटीसिलवे आदि में भी न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है। बीते 24 घंटे में गुमला सबसे ठंडा जिला रहा। यहां का न्यूनतम पारा 5.2 डिग्री दर्ज किया गया। रांची का न्यूतनम तापमान 9.2 डिग्री रहा। इसके अलावा पलामू, चतरा, गढ़वा, खूंटी, लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम, हजारीबाग, रामगढ़ और धनबाद में तापमान नौ डिग्री या इससे भी कम रहा। पूरे राज्य में सबसे अधिक न्यूनतम पारा गोड्डा में 14.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *