राज्य के 48 नगरपालिकाओं में होने वाले चुनावों को लेकर झारखंड में स्पेशल ब्रांच भी पूरी तरह सतर्क है। चुनाव से पहले माहौल बिगाड़ने की आशंका को देखते हुए स्पेशल ब्रांच ने जिलों को अलर्ट जारी किया है। स्पेशल ब्रांच की रिपोर्ट के अनुसार, जिन नगर निगम क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है, उनमें रांची, धनबाद, आदित्यपुर, मानगो, हजारीबाग, गिरिडीह, चास और मेदिनीनगर नगर निगम प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन क्षेत्रों में अपराधियों के जरिए चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की आशंका जताई गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पुराने हिस्ट्रीशीटर, भगोड़े और फरार अपराधी चुनाव के दौरान सक्रिय हो सकते हैं। इनके जरिए मतदाताओं को प्रभावित करने और भय का माहौल बनाने की कोशिश हो सकती है। इस इनपुट के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। स्पेशल ब्रांच संबंधित जिलों के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को इस संबंध में सूचित भी किया है, ताकि चुनाव के दौरान किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना न घटे। दंगा में संलिप्त रहे लोगों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश जिलों के संबंधित सभी थानों को निर्देश दिया गया है कि अनुज्ञप्तिधारी शस्त्र धारकों का सत्यापन किया जाए। शस्त्रों को तत्काल थाना या गन हाउस में जमा कराया जाए। पूर्व में दंगा/ बलवा में संलिप्त रहे व्यक्तियों की पहचान की जाए और उनपर भी कड़ी निगरानी रखी जाए। इसके अलावा अवैध शस्त्र और गोला-बारूद की तलाशी व जब्ती के लिए सभी संबंधित थानों को अपने-अपने क्षेत्र में अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। चुनाव प्रभावित करनेवाले तत्वों पर तुरंत कार्रवाई नगर निकाय चुनाव को लेकर सभी जिलों को निर्देश दिया गया है कि लंबित वारंटों का त्वरित तामिला सुनिश्चित कराएं। चुनाव को प्रभावित कर सकने वाले तत्वों पर बीएनएसएस की धारा 126/135 के तहत सीधी कार्रवाई की जाए। हिस्ट्रीशीटर, भगोड़े और फरार अपराधियों की सूची अपडेट कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर गश्ती व चेकिंग का निर्देश इधर, पुलिस मुख्यालय ने भी सभी जिलों को निर्देश दिया है कि जिले के सभी संबंधित थाना प्रभारियों की व्यक्तिगत जवाबदेही चुनाव के दौरान होगी। संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर गश्ती और चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया है। चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर तत्काल सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।


