मौसम में बदलाव लगातार जारी है। अधिकतम तापमान में लगभग हर दिन बढ़ोतरी हो रही है। राज्य के अधिकांश जिले का अधिकतम तापमान 35 डिग्री या इसके पार जा चुका है। इधर मौसम विभाग ने ईद को लेकर विशेष बुलेटिन जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार ईद के दिन यानी आज आसमान साफ और मौसम शुष्क रहने की बात कही है। कहा है कि आज राज्य के कुछ जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक रह सकता है। वहीं रांची शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री जाएगा। चाईबासा प्रदेश का सबसे गर्म हिस्सा इधर रविवार को चाईबासा का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री रहा। हजारीबाग में न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री दर्ज किया गया। वही रांची का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री दर्ज किया गया। अगले 24 घंटे के दौरान तापमान में कोई बड़ा बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने अभी किसी भी जिले में हिट वेब चलने की चेतावनी जारी नहीं की है। इन जिलों में तापमान रहा ज्यादा रविवार को चार जिले चाईबासा, जमशेदपुर, बोकारो और गोड्डा जिले में तापमान अधिक दर्ज किया गया। बोकारो का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री व न्यूनतम 16.2डिग्री दर्ज किया गया। जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री रहा। बारिश से पहले सताएगी चिलचिलाती गर्मी मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में बारिश से पहले गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। लेकिन, तीन अप्रैल से बारिश होने के कारण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक वृद्धि होने की संभावना भी व्यक्त की गई है। राज्य में कई जिलों में गर्मी सामान्य है। बोकारो और प. सिंहभूम को छोड़ अधिकांश शहरों का तापमान सामान्य के करीब है। लेकिन, अगले तीन दिन मौसम साफ रहने और चिलचिलाती धूप के कारण अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। दो व तीन अप्रैल को हल्के दर्जे की बारिश मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी के ऊपर वातावरण के ऊपरी सतह पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है। इसके कारण अगले तीन दिनों बाद हवा के रुख में परिवर्तन आ सकता है। इसके प्रभाव से झारखंड के मौसम में भी बदलाव आएगा। इस बदलाव की वजह से दो व तीन अप्रैल को पश्चिमी भागों गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार और लोहरदगा में हल्के दर्जे की बारिश होने की संभावना है। 4 अप्रैल से मौसम फिर साफ होगा। इसके बाद अगले तीन दिनों तक आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क रहेगा। धीरे धीरे तापमान में वृद्धि हो सकती है। कुछ जिलों में पारा 40 के पार फिर जा सकता है और हिट वेब चल सकती है।


