झारखंड में 3 दिन बारिश के आसार; यलो अलर्ट:आज रांची समेत 6 जिलों में बरसेंगे बादल, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी

झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई जिलों में आंशिक बादल छाने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। आज राजधानी रांची सहित कई जिले में बारिश के आसार हैं।रांची समेत मध्य और उत्तर-पूर्वी जिलों में 9 से 11 मार्च के बीच मौसम सक्रिय रह सकता है। इस दौरान कहीं-कहीं तेज हवा और वज्रपात की भी आशंका है। मौसम विभाग ने इन स्थितियों को देखते हुए कुछ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि 12 मार्च के बाद मौसम के साफ और शुष्क होने का अनुमान जताया गया है। मध्य और दक्षिणी जिलों में बादल; हल्की बारिश भी मौसम विभाग के अनुसार 8 मार्च यानी आज राज्य के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ मेघ गर्जन और हल्की बारिश हो सकती है। इसका असर मुख्य रूप से मध्य झारखंड के रांची, बोकारो, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, रामगढ़ और चतरा में देखने को मिल सकता है। वहीं दक्षिणी जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में भी मौसम में बदलाव के संकेत हैं। बादल और हल्की बारिश के कारण दिन के तापमान में बहुत अधिक परिवर्तन की संभावना नहीं है, लेकिन मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रह सकता है। उत्तर-पूर्वी जिलों में तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 9 और 10 मार्च को राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों में मौसम अधिक सक्रिय रह सकता है। देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ समेत आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की संभावना भी जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है। वहीं पलामू, गढ़वा और लातेहार जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने की संभावना है। 12 मार्च से मौसम रहेगा साफ मौसम विभाग के अनुसार राज्य में फिलहाल तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। अधिकतम तापमान में -2 से +2 डिग्री सेल्सियस तक उतार-चढ़ाव संभव है, जबकि न्यूनतम तापमान में कुछ स्थानों पर 2 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। हाल के आंकड़ों के अनुसार राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस मेदिनीनगर में दर्ज किया गया। जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकॉर्ड किया गया। रांची में अधिकतम तापमान 31.8 और न्यूनतम 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि 12 मार्च से राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *