झारखंड में 3 से 5 जून के बीच पहुंचेगा मानसून:कोल्हान और संताल के रास्ते होगी एंट्री; आज पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट

झारखंड में इस साल अच्छी बारिश का पूर्वानुमान लगाया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के मुताबिक ऐसा मानसून के समय से पूर्व आने की वजह से हो पाएगा। राज्य में मानसून का प्रवेश 3 से 5 जून के बीच होने के पूरे आसार हैं। यही वजह है कि प्रदेश में प्री-मॉनसून की गतिविधियां शुरू हो गई है। लगभग हर दिन पूरे राज्य में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो रही है। शनिवार को भी लगभग पूरे प्रदेश में रुक-रुक कर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई है। शनिवार देर रात राजधानी रांची सहित हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद में बारिश हुई है। इससे तापमान में कमी आई है। लोगों को राहत भी मिल रही है। आज भी जमकर होगी बारिश, अलर्ट जारी आज के मौसम की बात करें तो राज्य में कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ तेज हवा का झोंका चल सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने वाली है। वज्रपात की भी संभावना बन रही है। मौसम की ऐसी स्थिति 28 मई तक रहेगी। इस दौरान हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। 29 और 30 मई को भी राज्य में कहीं-कहीं मेघ गर्जन, तेज हवा का झोंका के साथ वज्रपात की संभावना है। बारिश भी हो सकती है रांची में 30 मई तक होती रहेगी बारिश राजधानी रांची और उसके आसपास के मौसम की बात करें तो आज सामान्यतः: बादल छाए रहेंगे। एक से दो बार हल्के से मध्यम दर्ज की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है। 30 मई तक रांची और इसके आसपास के इलाकों में बादल छाए रहेंगे। एक से दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री के आसपास रहने वाला है। पाकुड़ में हुई सबसे अधिक बारिश पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर आंधी एवं मेघ गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई है। सबसे अधिक बारिश 64.4 मिमी पाकुड़ के लिट्टीपाड़ा में रिकॉर्ड की गई है। सबसे अधिक तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज का रिकॉर्ड हुआ है। जबकि सबसे कम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया है। शनिवार को संथाल परगना के इलाके में अच्छी खासी बारिश हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, हवा और बारिश के कारण फिलहाल अधिकतम तापमान भी सामान्य से सात से आठ डिग्री सेसि तक नीचे चल रहा है। कई जिलों का अधिकतम तापमान तो 30 डिग्री सेसि से भी नीचे चला गया है। शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेसि दर्ज किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *