झारखंड में मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है। मौसम विभाग ने झारखंड में 30 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवा भी चल सकती है। वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में अब तक (एक जून से 24 जुलाई तक) 660.5 एमएम बारिश दर्ज हो चुकी है। जबकि इस अवधि में झारखंड में सामान्य बारिश 434.7 एमएम ही होती है। राज्य में अब तक सामान्य से 50% अधिक बारिश हो चुकी है। वहीं, राज्य में अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों में इसमें (2-3) डिग्री की गिरावट हो सकती है। पलामू समेत चार जिलों को छोड़ अन्य जगह बारिश मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को राज्य के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार को छोड़कर शेष हिस्सों में कहीं-कहीं पर भारी बारिश की संभावना है। वहीं, राज्य में कहीं-कहीं पर गर्जन और तेज हवा के साथ वज्रपात की संभावना है। हवा की रफ्तार 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। लातेहार, चतरा में भारी बारिश की संभावना 26 जुलाई को राज्य के दक्षिणी एवं मध्यवर्ती हिस्सों में कहीं-कहीं पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में कहीं-कहीं पर भारी बारिश की संभावना है। साथ ही राज्य में कहीं-कहीं पर गर्जन और तेज हवा के साथ वज्रपात की संभावना है। हवा की 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार रह सकती है। राज्य में कहीं-कहीं पर हो सकती है भारी बारिश वहीं, 27 और 28 जुलाई को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार और मध्यवर्ती हिस्सों में कहीं-कहीं पर भारी बारिश की संभावना है। इधर, 29 और 30 जुलाई को राज्य में कहीं-कहीं पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम राज्य में मानसून सामान्य रहा। पिछले 24 घंटे में राज्य में अनेक स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। जबकि कहीं-कहीं पर भारी से बहुत भारी बारिश भी दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश 116.2 एमएम सगमा (गढ़वा) में दर्ज की गई। रांची में सामान्य से 99% अधिक हुई बारिश इधर, रांची में एक जून से 24 जुलाई तक 888.9 एमएम बारिश हो चुकी है। जो सामान्य से 99% अधिक है। झारखंड में सिर्फ 3 जिले ऐसे हैं, जहां अब तक सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई है। इनमें देवघर, गोड्डा और पाकुड़ जिले शामिल हैं। गोड्डा में अब तक 333.1 एमएम बारिश हुई है, जो सामान्य से 16% कम है। देवघर में 369.2 एमएम बारिश हुई है, जो सामान्य से 14% कम हैं। वहीं, पाकुड़ में 422.7 एमएम बारिश हुई है, जो सामान्य से 19% कम है।