झारखंड में 5 दिन भारी बारिश के आसार:रांची, बोकारो, गुमला सहित 6 जिलों में यलो अलर्ट, 4 डिग्री तक गिर सकता है पारा

झारखंड में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के रांची स्थित केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, 30 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गर्जन, वज्रपात और 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी। खासकर राज्य के मध्य, दक्षिण-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में कहीं-कहीं बहुत भारी वर्षा होने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, रामगढ़, गोड्‌डा और गिरिडीह सहित कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश से उफनाई नदियां, हुआ जलभराव पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा घाटशिला में 192.6 मिमी रिकॉर्ड की गई। जमशेदपुर में 127.3 मिमी, रांची में 102.8 मिमी, बोकारो में 96.8 मिमी और चाईबासा में 96.5 मिमी वर्षा हुई। इस दौरान अधिकतम तापमान गोड्डा में 33.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान तालझारी में 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कोल्हान के इलाके में झमाझम बारिश हुई। दरअसल गंगीय पश्चिम बंगाल और उससे सटे झारखंड क्षेत्र में बना निम्न दबाव का क्षेत्र तेजी से पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। शनिवार को इसका सेंटर झारखंड और आसपास के क्षेत्रों में केंद्रित था। इसका केंद्र रांची से लगभग 20 किमी उत्तर-पश्चिम, जमशेदपुर से 120 किमी पश्चिम-उत्तर पश्चिम था। मौसम विभाग के मुताबिक इस वजह से अगले दिनों तक बारिश के आसार हैं। गरज के साथ बारिश और चलेगी तेज हवा रांची समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ वज्रपात और आंधी-तूफान की आशंका है। 27 और 28 जुलाई को भी राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं 29 और 30 जुलाई को पूर्वी झारखंड और आसपास के जिलों में भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान जलभराव, बिजली गिरने, पेड़ गिरने और यातायात में बाधा जैसी घटनाएं हो सकती हैं। लोगों को सतर्क रहने और मौसम की अद्यतन जानकारी पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। खासकर खुले स्थानों पर रहने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की गई है। रांची और आसपास रुक-रुक कर बारिश राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में भी अगले पांच दिनों तक बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। मौसम केंद्र रांची के अनुसार 30 जुलाई तक हर दिन मध्यम दर्जे की बारिश होगी। कहीं-कहीं गर्जन के साथ तेज बारिश भी हो सकती है। रांची में 26 जुलाई को अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 27 जुलाई को तापमान 28 और 24 डिग्री, 28 जुलाई को 29 और 24 डिग्री तथा 29 व 30 जुलाई को अधिकतम 28 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। रांची में सामान्य से 104% अधिक बारिश एक जून से 26 जुलाई 2025 तक की अवधि में रांची में कुल 961.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य 470.4 मिमी से 104% अधिक है। इस आंकड़े से स्पष्ट है कि इस बार रांची में औसत से दोगुनी बारिश हो चुकी है। वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट की संभावना जताई है। हालांकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। विभाग ने इस दौरान बिजली गिरने और भारी बारिश की स्थिति में सतर्कता बरतने की अपील की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *