प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू अपने दौरे के दूसरे चरण में 6 मार्च को पांच दिवसीय यात्रा पर झारखंड आ रहे हैं। वे छह मार्च को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उतरने के साथ ही सड़क मार्ग से पलामू जाएंगे। वहां दोपहर 1 बजे से पलामू, लातेहार, गढ़वा जिला के अध्यक्ष, प्रखंड व मंडल अध्यक्ष के साथ बैठक कर संगठनात्मक रणनीति बनाएंगे और आवश्यक निर्देश देंगे। इसके बाद शाम 5 बजे लातेहार के लिए रवाना होंगे। प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि प्रदेश प्रभारी के. राजू 7 मार्च को लातेहार से बोकारो के लिए प्रस्थान करेंगे। वहां बोकारो, धनबाद, गिरिडीह के जिला, प्रखंड व मंडल अध्यक्ष के साथ बैठक करेंगे। 8 मार्च को रांची जिले के मांडर में प्रगतिशील महिला किसान सम्मान समारोह में शामिल होंगे। 9 मार्च को गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज के जिला प्रखंड और मंडल अध्यक्ष के साथ बैठक करेंगे। 10 मार्च को देवघर जिला कांग्रेस मुख्यालय में सुबह नौ बजे से देवघर, जामताड़ा, दुमका के जिला प्रखंड मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। दोपहर 1.20 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।